खेल

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट आज से, सीरीज में बढ़त की जंग शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला गुरुवार से ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस अहम मैच में कुछ बदलावों के साथ मैदान में उतरेंगी। इंग्लैंड ने पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है, जिसमें तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है। उन्हें जोश टंग की जगह टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय टीम की बात करें तो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग इलेवन में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उनकी वापसी से प्रसिद्ध कृष्णा को टीम से बाहर बैठना पड़ सकता है। एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में कृष्णा महंगे साबित हुए थे। उन्होंने पहली पारी में 5 से ज्यादा की इकॉनोमी से रन दिए और कोई विकेट नहीं ले सके, जबकि दूसरी पारी में सिर्फ एक विकेट ही ले पाए थे।

अगर मोहम्मद सिराज को आराम दिया जाता है तो टीम मैनेजमेंट के पास अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे दो विकल्प मौजूद हैं। लॉर्ड्स की पिच और वहां की पारंपरिक स्लोप को ध्यान में रखते हुए अर्शदीप को सिराज की जगह खिलाए जाने की संभावना ज्यादा है।

भारतीय संभावित प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, आकाशदीप, मोहम्मद सिराज/अर्शदीप सिंह

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर

गौरतलब है कि इस टेस्ट सीरीज को ‘एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी’ के नाम से खेला जा रहा है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था, जबकि भारत ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा टेस्ट 336 रनों से अपने नाम किया था। ऐसे में दोनों टीमें सीरीज में 1-1 की बराबरी पर हैं और लॉर्ड्स टेस्ट निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button