‘द फैमिली मैन 3’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज़, श्रीकांत तिवारी बने खुद वॉन्टेड जासूस

अमेज़न प्राइम वीडियो ने शुक्रवार दोपहर मुंबई में हुए एक भव्य इवेंट के दौरान अपने लोकप्रिय वेब सीरीज़ ‘द फैमिली मैन’ के तीसरे सीज़न का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया। इस बार कहानी में एक नया ट्विस्ट है — मनोज बाजपेयी एक बार फिर एजेंट श्रीकांत तिवारी के रोल में नजर आ रहे हैं, लेकिन अब वो खुद एक वॉन्टेड अपराधी बन चुके हैं।
ट्रेलर की शुरुआत में श्रीकांत अपनी फैमिली को बताते हैं कि वो एक जासूस हैं। लेकिन इसी बीच उन्हें एक ऐसे केस में फंसा दिया जाता है, जिसके बाद उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो जाता है। श्रीकांत अब अपनी फैमिली के साथ भागने को मजबूर हैं, और उनका सबसे भरोसेमंद साथी जेके तलपड़े (शारिब हाशमी) उनकी मदद करता है।
कहानी में नई एंट्री होती है निमरत कौर की, जो श्रीकांत के खिलाफ साजिश रचती है। उसके साथ जुड़ता है एक खतरनाक ड्रग स्मगलर, जिसका किरदार निभा रहे हैं जयदीप अहलावत। अब श्रीकांत को इन दोनों के खिलाफ अपनी नई जंग लड़नी है।
‘द फैमिली मैन’ का तीसरा सीज़न करीब तीन साल बाद आ रहा है। शो के निर्माता राज और डीके ने बताया कि दर्शकों के प्यार और धैर्य के लिए वो आभारी हैं। उन्होंने कहा, “हम चाहते थे कि इंतजार वाकई में सार्थक हो। इस बार कहानी और एक्शन दोनों का स्तर पहले से ज्यादा ऊंचा होगा, ताकि दर्शकों को एक थ्रिलिंग अनुभव मिले।”
फैंस का रिएक्शन
ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्यार जताया। एक यूज़र ने लिखा, “जेके और श्रीकांत की जोड़ी इस बार भी मजेदार है।” वहीं एक अन्य फैन ने कहा, “मनोज बाजपेयी हमेशा की तरह शानदार हैं, लेकिन जयदीप अहलावत इस बार शो चुरा ले जाएंगे।”
अमेज़न प्राइम वीडियो के मुताबिक, तीसरे सीज़न में इस बार दांव पहले से कहीं ज्यादा बड़े हैं। श्रीकांत को अब देश के भीतर और बाहर दोनों से नए दुश्मनों का सामना करना होगा।
शो में मनोज बाजपेयी, शारिब हाशमी, प्रियामणी, श्रेया धनवंतरी, गुल पनाग, वेदांत सिन्हा और अशलेशा ठाकुर अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे।
‘द फैमिली मैन सीज़न 3’ 21 नवंबर को अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।





