दिल्ली में ठंड का प्रकोप जारी, IMD ने जारी किया कोल्ड वेव अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार (3 जनवरी 2026) को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा रहा। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दी।
IMD के अनुसार, 3 जनवरी से 6 जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में शीत लहर (कोल्ड वेव) का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है, तब शीत लहर घोषित की जाती है।
अलग-अलग इलाकों की बात करें तो सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम में 7.9 डिग्री तापमान रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। रिज इलाके में तापमान 9 डिग्री रहा, जबकि आया नगर में सबसे कम 6.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है।
शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस हुई।
वहीं, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी खराब बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 240 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
AQI के मानकों के अनुसार, 0 से 50 तक ‘अच्छी’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी मानी जाती है।





