टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगी बांग्लादेश टीम, BCB का बड़ा फैसला

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होना है। बांग्लादेश को इस दौरान चार मुकाबले खेलने थे, जिनमें से तीन कोलकाता और एक मुंबई में तय थे।
रविवार को बांग्लादेश के युवा और खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मौजूदा हालात को देखते हुए BCB ने भारत नहीं जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारतीय क्रिकेट से जुड़े हालिया घटनाक्रम के संदर्भ में लिया गया है।
BCB ने भी बैठक के बाद इस निर्णय की पुष्टि की है। बोर्ड के 17 निदेशकों की मौजूदगी में हुई बैठक के बाद ICC को पत्र भेजा गया है। BCB निदेशक खालिद मशूद पायलट के मुताबिक, बोर्ड ने ICC से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। उन्होंने कहा, “जब एक खिलाड़ी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो पूरी टीम की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है?”
यह विवाद उस समय बढ़ा जब BCCI के निर्देश पर आईपीएल फ्रेंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्ताफिज़ुर रहमान को रिलीज़ कर दिया। KKR ने उन्हें हाल ही में हुए आईपीएल ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद बांग्लादेश में इस फैसले को लेकर नाराज़गी देखी गई।
आसिफ नज़रुल ने यह भी कहा कि BCB, BCCI से मुस्ताफिज़ुर रहमान को रिलीज़ करने को लेकर औपचारिक जवाब मांगेगा। साथ ही उन्होंने सरकार से बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया है।
इस फैसले से टी20 वर्ल्ड कप पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पहले ही भारत-पाकिस्तान के ग्रुप मैच को हाइब्रिड मॉडल के तहत किसी न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट किया जा चुका है। अब अगर बांग्लादेश भी भारत में खेलने से इनकार करता है, तो ICC के लिए स्थिति और जटिल हो सकती है।
इस बीच, बांग्लादेश सरकार के सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार मोस्तोफा सरवार फारूकी ने भी मुस्ताफिज़ुर के साथ हुए व्यवहार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से बांग्लादेशी नागरिक आहत हैं और भविष्य में भारत में बांग्लादेशी टीमों की सुरक्षा पर भी विचार किया जाएगा।





