तमिलनाडु में तीसरे बच्चे पर भी मिलेगी 365 दिन की मैटरनिटी लीव, सरकार का बड़ा फैसला

तमिलनाडु सरकार ने महिला सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब तीसरे बच्चे के जन्म पर भी महिला सरकारी कर्मचारियों को 365 दिन यानी एक साल की मैटरनिटी लीव मिलेगी। सरकार ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
इस फैसले के बाद तीसरे बच्चे के लिए मिलने वाली छुट्टी भी पहले दो बच्चों के बराबर हो जाएगी। इससे पहले दो से कम जीवित बच्चों वाली महिला सरकारी कर्मचारियों को 365 दिन का मातृत्व अवकाश मिलता था, जबकि दो या उससे ज्यादा जीवित बच्चों वाली महिलाओं को केवल 12 हफ्ते की छुट्टी दी जाती थी।
विधानसभा में हुआ ऐलान
राज्य के मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री डी. सरथकुमार ने विधानसभा में अपने विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता देती है। इसी को ध्यान में रखते हुए तीसरे बच्चे के लिए मिलने वाली 12 हफ्ते की मैटरनिटी लीव को बढ़ाकर 365 दिन किया गया है।
पहले 90 दिन से बढ़कर एक साल हुई छुट्टी
तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों के लिए मातृत्व अवकाश की अवधि पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ाई गई है। पहले यह छुट्टी 90 दिन की थी। साल 2011 में इसे बढ़ाकर छह महीने, 2016 में नौ महीने और जुलाई 2021 में बढ़ाकर 365 दिन कर दिया गया था।
अब तीसरे बच्चे के जन्म पर भी पात्र महिला सरकारी कर्मचारियों को एक साल की छुट्टी मिलेगी।
तमिलनाडु में घट रही है जन्म दर
सरकार का यह फैसला राज्य में लगातार घट रही जन्म दर के बीच आया है। स्वास्थ्य मंत्री के.जी. अरुणराज ने हाल ही में एक कार्यक्रम में बताया था कि तमिलनाडु की कुल प्रजनन दर यानी टीएफआर 1.4 से नीचे पहुंच गई है। यह 2.1 के सामान्य प्रतिस्थापन स्तर से काफी कम है।
राज्य में बुजुर्ग आबादी भी बढ़ रही है। करीब 16 प्रतिशत आबादी 60 साल से ज्यादा उम्र की है। ऐसे में सरकार राज्य में तेजी से हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव को लेकर चिंतित है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा था कि सरकार ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों पर विचार कर सकती है। उन्होंने आंध्र प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा था कि वहां तीसरे बच्चे को लेकर प्रोत्साहन देने वाली नीतियों पर काम किया जा रहा है।





