Fraud and Scam

फर्जी COD पार्सल से ठगी की आशंका, बेंगलुरु की महिला का वीडियो हुआ वायरल

बेंगलुरु: बेंगलुरु की एक महिला ने कैश ऑन डिलीवरी (COD) के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आने के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। महिला का दावा है कि उसके घर 500 रुपये का एक पार्सल पहुंचा, जबकि उसने ऐसा कोई ऑर्डर नहीं किया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट पार्सल लेकर महिला के घर पहुंचा और पार्सल लेने से पहले 500 रुपये देने को कहा। महिला ने साफ इनकार करते हुए कहा कि उसने कोई सामान ऑर्डर नहीं किया है। उन्होंने डिलीवरी एजेंट से पार्सल भेजने वाले की जानकारी मांगी और उसके सुपरवाइजर से बात कराने को कहा।

फोन पर हुई बातचीत के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि ग्राहकों से फर्जी पार्सल के जरिए पैसे वसूले जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर से कहा गया कि ऑर्डर इंस्टाग्राम के जरिए किया गया था, लेकिन महिला ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया।

बाद में जब पार्सल खोला गया तो उसमें एक टूटा हुआ डिब्बा और आधी रिन साबुन की टिकिया मिली। महिला का कहना है कि इससे उनका शक और मजबूत हो गया कि यह लोगों से पैसे ठगने की कोशिश थी।


इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेंगलुरु सिटी पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस ने महिला से घटना की जगह की जानकारी मांगी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि अगर कोई अनजान कैश ऑन डिलीवरी पार्सल आए, जिसे उन्होंने ऑर्डर न किया हो, तो उसका भुगतान न करें। साथ ही ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित डिलीवरी कंपनी और पुलिस को तुरंत दें।

Show More
Back to top button