फैंस के लिए सरप्राइज: शकीरा ने मुंबई में दूसरे कॉन्सर्ट का किया ऐलान

दुनियाभर में अपने म्यूजिक और दमदार परफॉर्मेंस के लिए मशहूर पॉप स्टार शकीरा ने भारतीय फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। सिंगर अगले महीने भारत टूर पर आने वाली हैं। इसी बीच उन्होंने फैंस को एक और बड़ा सरप्राइज देते हुए मुंबई में अपने दूसरे शो का ऐलान कर दिया है।
मुंबई में जोड़ा गया दूसरा शो
मुंबई में शकीरा के कॉन्सर्ट को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी वजह से आयोजकों ने शहर में एक और शो जोड़ने का फैसला किया है। दरअसल, यूजर्स को डिस्ट्रिक्ट बाय जोमेटो ऐप पर एक और शो लिस्टेड दिखाई दिया, जिसके बाद दूसरे शो की खबर सामने आई। हालांकि अभी इस शो के टिकटों की बिक्री शुरू नहीं हुई है और बुकिंग कब से शुरू होगी, इसकी जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
कब होगा दूसरा कॉन्सर्ट
शकीरा का मुंबई में पहला शो 10 अप्रैल को होगा। वहीं अब दूसरा शो 11 अप्रैल को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सिंगर 15 अप्रैल को दिल्ली में भी लाइव परफॉर्मेंस देंगी।
भारत में परफॉर्म करने को लेकर क्या बोलीं शकीरा
भारत में अपने शो को लेकर शकीरा ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारत में परफॉर्म करना हमेशा उनके लिए खास रहा है। सिंगर ने बताया कि वह मुंबई और दिल्ली के फैंस से दोबारा मिलने के लिए काफी उत्साहित हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह टूर सिर्फ म्यूजिक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए लोगों को एक साथ जोड़ना भी है।
‘फीडिंग इंडिया’ पहल के तहत हो रहा कॉन्सर्ट
यह कॉन्सर्ट गैर-लाभकारी पहल फीडिंग इंडिया के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें डिस्ट्रिक्ट बाय जोमेटो सहयोग कर रहा है। खास बात यह है कि ‘फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट’ पहली बार एक से ज्यादा शहरों में आयोजित किया जा रहा है।
दुनिया की मशहूर पॉप स्टार हैं शकीरा
शकीरा दुनिया की सबसे लोकप्रिय लैटिन महिला कलाकारों में गिनी जाती हैं। उनके अब तक 100 मिलियन से ज्यादा रिकॉर्ड्स बिक चुके हैं। उनके कई गाने दुनियाभर में सुपरहिट रहे हैं, जिनमें Hips Don’t Lie, Waka Waka (This Time for Africa) और Whenever, Wherever जैसे ट्रैक शामिल हैं।
भारत में होने वाला यह टूर उनके फैंस के लिए किसी बड़े म्यूजिक फेस्ट से कम नहीं माना जा रहा है।





