सुपर-8 का निर्णायक मुकाबला: भारत और वेस्टइंडीज के बीच करो या मरो की टक्कर

कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण के आखिरी मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह मुकाबला शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम के खिलाफ खेला जा रहा है। इस मैच को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी।
भारतीय टीम ने अपने पिछले मैच में जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराया था। इससे पहले टीम को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब टीम दोबारा लय में नजर आ रही है। चेन्नई के चेपॉक मैदान पर बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया था और पावर-हिटर्स ने अपनी ताकत दिखाई थी। हालांकि, गेंदबाजी विभाग में अभी भी सुधार की जरूरत है। खासकर मिडिल ओवर्स में गेंदबाजी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
वहीं वेस्टइंडीज की टीम भी इस टूर्नामेंट में अच्छी फॉर्म में है। कोलकाता के इस मैदान से उनकी अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं, जहां उन्होंने पहले टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। उनकी बल्लेबाजी काफी मजबूत मानी जा रही है और टीम में कई बड़े हिटर शामिल हैं। लेकिन गेंदबाजी में अभी और मजबूती की जरूरत है। पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने 178 रनों का लक्ष्य बिना ज्यादा परेशानी के हासिल कर लिया था, जिससे वेस्टइंडीज की गेंदबाजी पर सवाल उठे थे।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), रोस्टन चेस, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ।
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।





