सुनील शेट्टी और सूरज पंचोली बने धर्मरक्षक, ‘केसरी वीर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज

देशभक्ति, वीरता और आस्था से ओत-प्रोत फिल्म ‘केसरी वीर’ का ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर ने दर्शकों के दिलों में एक बार फिर जोश और गर्व का संचार कर दिया है। फिल्म में सुनील शेट्टी और सूरज पंचोली जैसे दिग्गज अभिनेता योद्धाओं की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने धर्म और मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राणों की बाजी लगाते नजर आ रहे हैं।
ट्रेलर की शुरुआत सोमनाथ मंदिर के भव्य दर्शन से होती है। एक रहस्यमयी आवाज पूछती है, “ये शिव कौन है?” और उत्तर आता है, “एक काला पत्थर जिस पर ये लोग भस्म लगाते हैं।” इसके बाद दुश्मनों का ऐलान गूंजता है, “इस शिव की धरती को राख कर दो,” और कहानी गंभीर मोड़ लेती है। इसके बाद युद्धभूमि, तलवारों की झनझनाहट और वीरता के अद्भुत दृश्य दर्शकों को रोमांचित कर देते हैं।
सूरज पंचोली का किरदार एक जांबाज योद्धा का है, जो दुश्मनों के सामने ललकारते हुए कहता है, “हमारे राम की भूमि है, हमारे कृष्ण की भूमि है, हमारे शिव की भूमि है। हम राजपूतों के खून में हार लिखी ही नहीं।” उनका दमदार डायलॉग और गहन एक्शन सीक्वेंस ट्रेलर को खास बनाते हैं। वहीं, सुनील शेट्टी का प्रभावशाली प्रवेश दिलों को छू जाता है, जब वह कहते हैं, “सोमनाथ को हाथ लगाने से पहले उसे इन वीरों से टकराना होगा।” उनके तेजस्वी संवाद और प्रचंड ऊर्जा से ट्रेलर में जान आ जाती है।
‘केसरी वीर’ का निर्देशन प्रिंस थीमान ने किया है और फिल्म को कानू चौहान ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सुनील शेट्टी और सूरज पंचोली के अलावा विवेक ओबेरॉय भी एक अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। इससे पहले फिल्म के मोशन पोस्टर और टीजर को भी दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। पहले ‘केसरी वीर’ 14 मार्च 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 16 मई 2025 तय की गई है।





