सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमला, सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार (13 अगस्त) को हमला किया गया। घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सुखबीर बादल पर एक गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सामने आए एक वीडियो में सुखबीर बादल एक इमारत के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ नजर आ रहा है।
घटना से पहले सुखबीर बादल अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे थे।
सीएम फडणवीस ने फोन कर जाना हाल
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस को आरोपी से पूछताछ कर हमले के पीछे की वजह पता लगाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि सुखबीर बादल की हालत ठीक है।
अकाली दल ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
शिरोमणि अकाली दल के उपाध्यक्ष संजीव तलवार ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल पंजाब और पंजाबियत की बात करने वाले नेता हैं। उनके मुताबिक, यह सिर्फ सुखबीर बादल पर हमला नहीं बल्कि पंजाब की एकता और अखंडता पर हमला है।
पार्टी नेता ने इसे सुरक्षा में चूक भी बताया। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2024 में अमृतसर में भी सुखबीर बादल पर हमला हुआ था और अब दोबारा ऐसी घटना होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त नेता पर इस तरह हमला होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में
पुलिस ने हमले के आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में की है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
मामले की जांच जारी है।




