तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रेलर से टकराई, गुजरात में 7 लोगों की मौत

गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। भावनगर-सोमनाथ हाईवे की सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार बोलेरो पीछे से जा घुसी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग भावनगर से अलंग जा रहे थे। वे अलंग के एक शिपयार्ड में काम करते थे।
सुबह करीब 10 बजे हुआ हादसा
हादसा तलाजा तालुका के ट्रापज गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर हाईवे की सर्विस रोड पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर भी कुछ दूरी तक आगे खिसक गया। हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गाड़ी में फंसे लोगों को निकालने में हुई परेशानी
टक्कर के बाद बोलेरो पूरी तरह पिचक गई थी। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गाड़ी के दरवाजे खोलने के लिए लोहे की सरियों का इस्तेमाल किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
6 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक अन्य घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सभी मृतकों के शव भावनगर के सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, बोलेरो की रफ्तार कितनी थी और ट्रेलर सर्विस रोड पर किस स्थिति में खड़ा था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





