BRICS Summit के मेहमानों के लिए खास तैयारी, खाने के जरिए दिखेगी भारत की संस्कृति

नई दिल्ली: BRICS Summit 2026 में शामिल होने के लिए दुनिया के अलग-अलग देशों से नेता और प्रतिनिधि नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS Summit के बीच दिल्ली के ताज महल होटल ने विदेशी मेहमानों के लिए खास तरह का ‘India Friendship Menu’ तैयार किया है। इसका मकसद भारतीय खाने के स्वाद से मेहमानों को रूबरू कराने के साथ उन्हें घर जैसा एहसास देना है।
होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ कौशिक मिश्रा की देखरेख में इस मेन्यू को तैयार किया गया है। इसके लिए टीम ने करीब 3 से 6 महीने तक रिसर्च की। इसमें भारत के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वाद, मसाले, जड़ी-बूटियां और घरेलू व्यंजनों को शामिल किया गया है। साथ ही विदेशी प्रतिनिधियों की पसंद और उनके लिए आरामदायक खाने का भी ध्यान रखा गया है।
खाने में दिखेगा भारत का अलग-अलग रंग
शेफ कौशिक मिश्रा के मुताबिक, यह मेन्यू सिर्फ तरह-तरह के व्यंजन परोसने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए भारत और दूसरे देशों के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक जुड़ाव को दिखाने की कोशिश की गई है। मेन्यू में दिल्ली और भारत के अलग-अलग हिस्सों के लोकप्रिय व्यंजनों को जगह दी गई है। इसमें नल्ली निहारी, पेपर फ्राई विद बादाम जैसे व्यंजन भी शामिल हैं।
होटल ने खाने की सजावट और प्रस्तुति में भी भारतीय संस्कृति को दिखाने की कोशिश की है। कमल और ऑर्किड जैसे फूलों से प्रेरणा लेकर प्रालिन, मिठाई और नमकीन जैसी चीजें तैयार की गई हैं।
खास ‘कुलिनरी मैप’ से जानेंगे भारत के स्वाद
इस खास तैयारी का एक आकर्षण भारत का कुलिनरी मैप भी है। इसके जरिए अलग-अलग राज्यों और उनकी खास खाने की परंपराओं को दिखाया गया है। हर क्षेत्र के स्थानीय स्वाद और खास व्यंजनों को इसमें शामिल किया गया है, ताकि विदेशी मेहमान भारत की अलग-अलग जगहों के खान-पान के बारे में जान सकें।
मेहमानों को खाने से जुड़ी जानकारी देने के लिए एक कॉन्सेप्ट नोट भी तैयार किया गया है। इसमें बताया गया है कि किसी खास सामग्री या व्यंजन को मेन्यू में क्यों शामिल किया गया है।
मेहमानों को दी जाएगी खास रेसिपी बुक
शेफ कौशिक मिश्रा ने बताया कि मेहमानों के लिए एक रेसिपी बुक भी तैयार की गई है। इसमें शेफ द्वारा तैयार की गई खास रेसिपीज शामिल हैं, जिन्हें प्रतिनिधि अपने साथ घर ले जा सकेंगे।
BRICS Summit के दौरान खाने की यह खास पहल भारत की संस्कृति और परंपराओं को पेश करने का एक अलग तरीका है। ‘India Friendship Menu’ के जरिए भारतीय स्वाद को विदेशी मेहमानों तक पहुंचाने के साथ उनके लिए इस यात्रा को यादगार बनाने की कोशिश की जा रही है।





