नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे सोनू सूद, राहत सामग्री के साथ कर रहे लोगों की मदद

नेपाल में आई भयानक बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। इस मुश्किल समय में लोगों की मदद के लिए अभिनेता सोनू सूद खुद नेपाल पहुंचे हैं। वह अपनी टीम के साथ बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और पीड़ित लोगों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों को समझ रहे हैं।
सोनू सूद अपनी ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ की टीम के साथ नेपाल पहुंचे हैं। उनकी टीम भारत से खाने-पीने का सामान, कंबल और दूसरी जरूरी चीजें लेकर गई है। बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात के दौरान सोनू ने उनकी परेशानियों को करीब से जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
सोनू सूद ने कहा कि वह नेपाल में सिर्फ कुछ दिनों के लिए मदद करने नहीं आए हैं। उनकी टीम आने वाले महीनों में भी जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने की कोशिश जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि टीम लोगों से सीधे बात करके यह पता लगा रही है कि उन्हें सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है।
अभिनेता ने नेपाल की स्थिति को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि जब किसी का घर बाढ़ में उजड़ जाता है और परिवार बिखर जाता है, तो उस दर्द को समझना आसान नहीं होता। ऐसे मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़ा होना जरूरी है।
सोनू सूद ने कहा कि उनकी कोशिश उन लोगों की जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने की है, जिन्होंने बाढ़ में अपना घर और अपना सब कुछ खो दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल समय में जरूरतमंदों की मदद करना हर किसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने भारत से नेपाल भेजी जा रही राहत सामग्री की भी तारीफ की। सोनू ने बताया कि उनकी टीम भारत से बड़ी मात्रा में कंबल और खाने का सामान लेकर पहुंची है। जरूरत के मुताबिक आगे भी राहत सामग्री नेपाल भेजने की कोशिश की जाएगी।
सोनू सूद ने साफ किया कि राहत और मदद का यह काम आने वाले महीनों में भी जारी रखने की कोशिश की जाएगी। उनकी फाउंडेशन बाढ़ प्रभावित लोगों को खाना, रहने की जगह और दूसरी जरूरी मदद पहुंचाने के लिए लगातार काम करेगी।





