सोशल मीडिया के विज्ञापन बन सकते हैं जी का जंजाल, एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ ही साइबर ठगी के नए-नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। क्या आपने कभी सोचा है कि इंस्टाग्राम या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखने वाला एक लुभावना विज्ञापन आपके बैंक अकाउंट को खाली कर सकता है? सरकार की ओर से इसको लेकर एक चेतावनी जारी की गई है।
कैसे काम करता है यह खतरनाक स्कैम?
अक्सर हम सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते हुए किसी आकर्षक विज्ञापन पर क्लिक कर देते हैं। कई बार ये विज्ञापन वीडियो, मनोरंजन या अन्य लुभावनी सामग्री के रूप में सामने आते हैं।
जब यूजर उस विज्ञापन पर क्लिक करता है, तो उसे एक संदिग्ध वेबसाइट पर रीडायरेक्ट कर दिया जाता है। वहां ऐप डाउनलोड करने की बात कही जाती है, और जैसे ही आप उस ऐप को अपने फोन में इंस्टॉल करते हैं, खेल शुरू हो जाता है।
सरकारी एजेंसी I4C की बड़ी चेतावनी
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने हाल ही में एक चेतावनी जारी की है। इसके मुताबिक, इंस्टाग्राम विज्ञापनों के जरिए मैलवेयर से जुड़े एंड्रॉइड ऐप्स का प्रचार किया जा रहा है।
ये खतरनाक ऐप्स अक्सर एडल्ट कंटेंट या मनोरंजन का दिखावा करते हैं। एक बार फोन में इंस्टॉल होने के बाद ये यूजर्स से सेंसिटिव डिवाइस परमिशन (जैसे एक्सेसिबिलिटी) मांग लेते हैं और धीरे-धीरे फोन का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले लेते हैं।
वित्तीय धोखाधड़ी और डिवाइस टेकओवर का खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि इन मैलवेयर ऐप्स के जरिए स्कैमर्स आसानी से आपके फोन का एक्सेस पा लेते हैं। इसके बाद वे आपके फोन में चुपचाप अन्य खतरनाक एप्लिकेशन इंस्टॉल कर सकते हैं।
इससे न केवल आपका निजी डेटा खतरे में पड़ता है, बल्कि आपके बैंक खाते से बिना अनुमति के अनधिकृत ट्रांजैक्शन भी किए जा सकते हैं। थोड़ी सी लाचारी और एक गलत क्लिक आपकी सालों की कमाई पर पानी फेर सकता है।
खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
-
अज्ञात विज्ञापनों से बचें: सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर लुभावने या अनजान विज्ञापन पर क्लिक करने से बचें।
-
थर्ड-पार्टी ऐप्स न डाउनलोड करें: किसी भी अनजान वेबसाइट के जरिए अपने फोन में ऐप या एपीके (APK) फाइल डाउनलोड न करें।
-
परमिशन चेक करें: किसी भी ऐप को इंस्टॉल करते समय उसकी डिवाइस परमिशन (विशेषकर एक्सेसिबिलिटी) पर खास ध्यान दें।





