स्मृति मंधाना का बड़ा बयान: ‘शादी रद्द, कृपया परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें’

भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए अपनी निजी ज़िंदगी पर चल रही अटकलों का अंत कर दिया। उन्होंने साफ बताया कि उनकी शादी, जो संगीतकार और फिल्ममेकर पालाश मुच्छल के साथ होने वाली थी, अब रद्द कर दी गई है। मंधाना ने लिखा, “पिछले कुछ हफ्तों से मेरी निजी ज़िंदगी को लेकर कई तरह की बातें हो रही थीं और अब मुझे ज़रूरी लगा कि मैं खुद इस बारे में बोलूं। मैं बहुत निजी स्वभाव की हूं, लेकिन स्पष्ट करना चाहती हूं कि शादी अब नहीं हो रही है।”
उन्होंने सभी से गुज़ारिश की कि इस मामले को यहीं खत्म माना जाए। मंधाना ने कहा, “मैं आप सभी से अनुरोध करती हूं कि कृपया इस विषय को यहीं छोड़ दें और दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें। हमें समय और स्पेस दें ताकि हम आगे बढ़ सकें।”
मंधाना ने यह भी कहा कि उनका पूरा ध्यान क्रिकेट पर ही है। उनके शब्दों में, “मेरे लिए हमेशा से सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने देश के लिए खेलना रही है। मैं जितना संभव हो सके भारत के लिए खेलना और जीतना चाहती हूं। यही मेरी फोकस हमेशा रहेगा।” उन्होंने अपने संदेश का अंत समर्थकों का धन्यवाद करते हुए किया, “आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।”

शादी की तारीख 23 नवंबर 2025 तय थी और समारोह सांगली, महाराष्ट्र में होना था। लेकिन शादी की सुबह ही मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना को अचानक तेज सीने में दर्द हुआ। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उनके कार्डियक एंजाइम बढ़े हुए पाए और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया।
कुछ समय बाद पालाश मुच्छल को भी तबीयत बिगड़ने के कारण इलाज की ज़रूरत पड़ी और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी वजह से दोनों परिवारों ने तत्काल शादी रोकने का फैसला लिया। तब मंधाना के मैनेजर ने कहा था कि फिलहाल सबसे ज़रूरी उनके पिता की सेहत है। नई तारीख पर बात बाद में होगी।




