Fraud and Scamभारत

शाइना एनसी का वॉट्सऐप अकाउंट हैक, परिचितों से करीब 4 लाख की ठगी

मुंबई: शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता और फैशन डिजाइनर शाइना एनसी का वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके परिचितों से करीब 3.92 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने शाइना के नाम और नंबर का इस्तेमाल करते हुए उनके आठ करीबी लोगों से 49-49 हजार रुपये मंगवाए।

जानकारी के मुताबिक, ठगों ने वॉट्सऐप पर संदेश भेजकर कहा कि उन्हें तुरंत पैसों की जरूरत है और दो घंटे के भीतर पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। संदेश शाइना के नंबर से आने के कारण लोगों ने उस पर भरोसा किया और बिना जांच किए पैसे भेज दिए।

घटना के बाद शाइना एनसी ने मुंबई पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वॉट्सऐप हैक होने की जानकारी गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि शाम करीब 6 बजे तक ठग लोगों से चैट करते रहे और उनसे पैसे मंगवाते रहे।

शाइना ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। अगर शुरुआती सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो जाती और संदिग्ध खातों को तुरंत ब्लॉक कराया जाता, तो लोगों के लाखों रुपये बचाए जा सकते थे।

उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने हैकिंग का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी थी और ठगों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे जीपे (GPay) अकाउंट को ब्लॉक कराने का अनुरोध भी किया था। इसके बावजूद कार्रवाई में देरी हुई, जिससे ठग कई लोगों से पैसे ऐंठने में सफल रहे।

शाइना एनसी ने इस मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी की है। उन्होंने साइबर ठगी के मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और लोगों से किसी भी पैसे से जुड़े संदेश की पहले पुष्टि करने की अपील की है।

Show More
Back to top button