खेल

वर्ल्ड कप फाइनल की हीरो बनीं शैफाली वर्मा, ICC महिला प्लेयर ऑफ द मंथ से सम्मानित

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर शैफाली वर्मा को नवंबर महीने के लिए ICC महिला ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया है। यह सम्मान उन्हें पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए महिला वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार बल्लेबाजी के लिए मिला है। शैफाली ने चोटिल प्रतिका रावल की जगह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में टीम में वापसी की थी। इसके बाद फाइनल मुकाबले में उन्होंने 78 गेंदों पर 87 रनों की शानदार पारी खेली। यह महिला वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भारतीय ओपनर द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 7 विकेट पर 298 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और बाद में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। यह ऐतिहासिक जीत नवी मुंबई में घरेलू दर्शकों के सामने हुई। शैफाली ने ओपनिंग में स्मृति मंधाना के साथ 104 रनों की अहम साझेदारी भी की, जिसने टीम को मजबूत शुरुआत दी। 21 साल की शैफाली ने इस पुरस्कार की दौड़ में थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग और यूएई की ईशा ओज़ा को पीछे छोड़ा।

ICC के बयान में शैफाली ने कहा कि उनका पहला वर्ल्ड कप अनुभव उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन अंत उससे कहीं ज्यादा खास रहा। उन्होंने कहा कि टीम की जीत में योगदान देना और घरेलू मैदान पर पहली बार वर्ल्ड कप जीतना उनके लिए गर्व की बात है। शैफाली ने यह पुरस्कार अपनी टीम, कोच, परिवार और सभी समर्थकों को समर्पित किया।

वहीं, पुरुष वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमोन हार्मर को ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया है। हार्मर ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से सीरीज जीतकर 25 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज जीती। 36 वर्षीय हार्मर ने इस सीरीज में कुल 17 विकेट लिए। कोलकाता टेस्ट में उन्होंने 4/30 और 4/21 के आंकड़े दर्ज किए, जबकि गुवाहाटी टेस्ट में उन्होंने 3/64 और 6/37 की शानदार गेंदबाजी की। पूरी सीरीज में उनका औसत 8.94 और इकॉनमी 1.91 रही।

हार्मर ने कहा कि देश के लिए खेलना उनके लिए सपना है और यह पुरस्कार वे अपने साथी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और परिवार को समर्पित करते हैं, जो हर कदम पर उनका साथ देते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button