Sanjay Dutt ने ‘मुन्ना भाई’ वाले बयान पर तोड़ी चुप्पी, बोले- किसी को ठेस पहुंचाना मकसद नहीं था

अभिनेता संजय दत्त ने अपने एक बयान को लेकर सफाई दी है। उनका यह बयान अभिनेता शेखर सुमन के शो ‘Shekhar Tonite’ के एक सेगमेंट के दौरान सामने आया था। शो में संजय दत्त ने मजाकिया अंदाज में खुद को 5 मिनट के लिए देश का प्रधानमंत्री मानते हुए ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में लोगों को संबोधित किया था।
गांधी जयंती के मौके पर प्रसारित इस सेगमेंट में संजय दत्त ने देश की मौजूदा स्थिति पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा था कि उन्हें अब देश में पहले जैसी “शांति” महसूस नहीं होती। उनके इस बयान के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इसके बाद संजय दत्त ने अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या उनका अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बातें एक स्क्रिप्टेड और हल्की-फुल्की बातचीत का हिस्सा थीं।
संजय दत्त ने कहा कि उनकी बातों का मकसद उसी तरह का हास्य और व्यंग्य पेश करना था, जैसा उनकी फिल्मों में देखने को मिलता है। उन्होंने खास तौर पर ‘मुन्ना भाई’ फिल्मों में दिखाए गए ‘गांधीगिरी’ के विचार का जिक्र किया, जो प्यार, गर्मजोशी, एकता और सद्भाव का संदेश देता है। अभिनेता ने लिखा कि दुर्भाग्य से उनकी बातों को उस संदर्भ से अलग समझा गया, जिसमें उन्हें कहा गया था।
‘मुन्ना भाई’ अंदाज में बने काल्पनिक PM
शो में संजय दत्त ने अपने मशहूर किरदार मुन्ना भाई के अंदाज को राजनीतिक व्यंग्य के साथ जोड़ा। उन्होंने मजाकिया तौर पर खुद को 5 मिनट के लिए भारत का प्रधानमंत्री माना और देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के तीन बंदरों का जिक्र करते हुए एक “चौथे बंदर” की बात कही। उन्होंने कहा कि गांधी जी के तीन बंदरों का संदेश है- बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत कहो। इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई गलत चीज देखता है तो उसे ठीक कौन करेगा?
देश में शांति को लेकर कही थी बात
शो के दौरान संजय दत्त ने कहा था कि भारत के लोग बहुत अच्छे और बड़े दिल वाले हैं। उन्होंने कहा कि देश में शांति होनी चाहिए, लेकिन उन्हें अब पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश में वह समय फिर लौटे।
संजय दत्त इन दिनों अपनी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने सऊदी अरब की फिल्म इंडस्ट्री में फिल्म ‘7 Dogs’ से डेब्यू किया है। इस फिल्म में उनके साथ सलमान खान भी नजर आए हैं। बॉलीवुड में संजय दत्त आखिरी बार फिल्म ‘Aakhiri Sawal’ में नजर आए थे। फिल्म में उनके साथ नमाशी चक्रवर्ती, अमित साध और समीरा रेड्डी भी मुख्य भूमिकाओं में थे।





