समय रैना गुवाहाटी क्राइम ब्रांच के सामने पेश, ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो को लेकर बयान दर्ज

मशहूर कॉमेडियन समय रैना हाल ही में ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ यूट्यूब शो में आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर दर्ज मामले में गुवाहाटी क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश हुए। शनिवार को उन्होंने जांच अधिकारियों के सामने अपना बयान दर्ज कराया। जॉइंट पुलिस कमिश्नर अंकुर जैन ने बताया कि पुलिस ने समय रैना से पूछताछ की और उनके बयान को केस फाइल में दर्ज कर लिया गया है।
यह मामला 10 फरवरी को सामने आया जब गुवाहाटी पुलिस ने कुछ यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोप था कि उनके शो में अश्लील और आपत्तिजनक बातें कही गईं, जिससे दर्शकों की भावनाएं आहत हुईं। जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया उनमें समय रैना के अलावा आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्वा मखीजा और रणवीर अल्लाहबादिया शामिल हैं।
इससे पहले आशीष चंचलानी, अपूर्वा मखीजा और रणवीर अल्लाहबादिया भी अपने बयान दर्ज करवा चुके हैं। कानूनी विवाद के चलते समय रैना ने अपना भारत टूर स्थगित कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए बताया, “हाय दोस्तों, मैं अपना भारत टूर रीशेड्यूल कर रहा हूं। आपको जल्द ही टिकटों के पैसे वापस मिल जाएंगे। जल्द मिलते हैं।”
अधिकारियों के अनुसार, एफआईआर में नामजद सभी व्यक्तियों को नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन कुछ लोगों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।
विवाद उस समय गहराया जब शो के एक एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया ने एक कंटेस्टेंट के माता-पिता को लेकर टिप्पणी की, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस पर लोगों ने नाराजगी जताई और शो की आलोचना की। बाद में रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी।
पुलिस इस पूरे मामले में गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





