सलमान खान की ‘सिकंदर’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, फैंस बोले – ब्लॉकबस्टर है भाई!

फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया! सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ का ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर धमाल मचा रहा है। भाईजान के जबरदस्त एक्शन, दमदार डायलॉग्स और हाई-ऑक्टेन सीक्वेंसेज को देखकर फैंस क्रेजी हो गए हैं। फिल्म 30 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसे सलमान खान की ओर से फैंस के लिए ईदी बताया जा रहा है।
‘सिकंदर’ के ट्रेलर में सलमान खान की किक, जय हो और वांटेड जैसी फिल्मों का फील देखने को मिला है। वहीं, डायरेक्टर ए.आर. मुरुगदास ने अपने वादे के मुताबिक फिल्म में ‘गजनी’ जैसी थ्रिलिंग ट्विस्ट भी जोड़ दिया है।
फिल्म की कहानी सिकंदर यानी सलमान खान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो राजकोट का राजा माना जाता है। वो शहर का रॉबिनहुड है, लेकिन साईश्री (रश्मिका मंदाना) के लिए वो सिर्फ संजय है। कहानी तब नया मोड़ लेती है, जब सिकंदर को मुंबई में कदम रखना पड़ता है और यहीं से असली एक्शन शुरू होता है। फिल्म में काजल अग्रवाल, बाहुबली फेम सत्यराज और शरमन जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने #SikandarTrailer ट्रेंड करना शुरू कर दिया। एक फैन ने कमेंट किया, ‘जबरदस्त, धमाल, आउटस्टैंडिंग! भाईजान की एक्शन पैक परफॉर्मेंस देखते ही बनती है।’ वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, ‘ये फिल्म ब्लॉकबस्टर होने वाली है!’
फिल्म की खास बात यह है कि यह किसी साउथ इंडियन फिल्म की रीमेक नहीं लग रही है। सलमान खान के स्वैग और रश्मिका मंदाना की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने इसे और भी खास बना दिया है।





