यूट्यूब पर सलमान खान की एंट्री, निजी जिंदगी से लेकर बिहाइंड-द-सीन्स तक मिलेगी झलक

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने यूट्यूब की दुनिया में कदम रख दिया है। अभिनेता ने अपना ऑफिशियल यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है, जहां फैंस को उनकी निजी जिंदगी से जुड़े पल और फिल्मों की शूटिंग के पीछे की झलक देखने को मिलेगी। सलमान ने शुक्रवार को एक वीडियो के जरिए अपने चैनल की शुरुआत की घोषणा की, जिसमें उन्होंने अंग्रेजी के अल्फाबेट को मजेदार अंदाज में सुनाया।
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “शुरू से शुरू करते हैं… मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।” उनकी इस घोषणा के बाद फैंस में काफी उत्साह देखने को मिला। चैनल लॉन्च होने के एक घंटे के भीतर ही इसके 6,830 से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हो गए।
सलमान के यूट्यूब चैनल की प्रोफाइल में उन्हें फिल्म अभिनेता, कलाकार, पेंटर और समाजसेवी के रूप में पेश किया गया है। फिलहाल चैनल पर 10 मजेदार शॉर्ट्स वीडियो मौजूद हैं। आने वाले समय में फैंस को उनके जीवन और काम से जुड़े कई नए वीडियो देखने को मिल सकते हैं।
‘बिग बॉस 20’ होस्ट कर रहे हैं सलमान
काम की बात करें तो सलमान खान इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ होस्ट कर रहे हैं। यह शो के होस्ट के तौर पर उनका 15वां सीजन है। सलमान लंबे समय से इस शो का हिस्सा रहे हैं और दर्शकों के बीच उनकी होस्टिंग काफी लोकप्रिय है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान
सलमान खान के पास आने वाले समय में दो फिल्में भी हैं। वह अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। इसमें उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी दिखाई देंगी। फिल्म की रिलीज में देरी के बाद अब इसकी नई रिलीज डेट का इंतजार है।
इसके अलावा सलमान खान निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की अगली फिल्म SVC63 में नयनतारा के साथ नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ हो सकता है। फिल्म को ईद 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।




