भारत

सहारनपुर: CARATLANE ज्वेलरी शोरूम चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में स्थित CARATLANE ज्वेलरी शोरूम में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सदर बाजार पुलिस और SWAT/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 करोड़ रुपये की सोने और हीरे की ज्वेलरी और 45,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

दीवार काटकर की गई थी चोरी

यह चोरी 23 जनवरी 2026 की रात को की गई थी। CARATLANE शोरूम के स्टोर मैनेजर अंकित मुखर्जी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात चोरों ने शोरूम की दीवार तोड़कर अंदर घुसकर सोने और हीरे के गहने तथा नकदी चोरी कर ली।

इस संबंध में थाना सदर बाजार में FIR संख्या 49/26 दर्ज की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।

गुप्त सूचना पर 5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर 3 फरवरी 2026 को रेलवे लाइन (खलासी लाइन) क्षेत्र से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी चोरी की गई ज्वेलरी को दूसरे राज्य ले जाकर बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं:

इरशाद उर्फ काला

दिलशाद

सलमा

काली

सीमा

सभी आरोपी मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं, जबकि फिलहाल उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर रह रहे थे।

बरामद ज्वेलरी की पूरी सूची

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित ज्वेलरी और नकदी बरामद की है:

09 हार (Necklaces)

67 ब्रेसलेट

17 मंगलसूत्र

32 जोड़ी कान के झुमके/ईयररिंग्स

02 हार सेट (ईयररिंग्स सहित)

18 पेंडेंट

03 चार्म्स

90 अंगूठियां

32 चेन

11 चूड़ियां (Bangles)

₹45,100 नकद

इसके अलावा पीले धातु की बनी 40 आर्टिफिशियल ज्वेलरी, जिनमें चूड़ियां, चेन और अंगूठियां शामिल हैं बरामद ज्वेलरी की कुल कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ऐसे रची गई चोरी की साजिश

पूछताछ में मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ काला ने बताया कि वह आदतन अपराधी है। करीब एक महीने पहले उसने कबाड़ी बनकर शोरूम की रेकी की थी। वारदात की रात खराब मौसम और कम आवाजाही का फायदा उठाकर वह पास की इमारत के जरिए शोरूम की छत पर पहुंचा, बिजली के तार काटे, गैस कटर से दीवार तोड़ी और अंदर घुसकर चोरी की। पहचान से बचने के लिए उसने चेहरा ढक रखा था और बाद में कपड़े बदल लिए।

चोरी के बाद उसके भाई, मां और भाभियों ने मिलकर गहनों को अलग-अलग राज्यों में बेचने की कोशिश की, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने सभी को पकड़ लिया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

मुख्य आरोपी इरशाद के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट सहित 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी काली के खिलाफ भी चोरी और चोरी का माल रखने से जुड़े 12 पुराने मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम की भूमिका

इस पूरे मामले का खुलासा थाना सदर बाजार पुलिस, SWAT टीम और सर्विलांस यूनिट की संयुक्त कार्रवाई से हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button