रोहिणी में 60 साल के शख्स की हत्या, भतीजी समेत 3 गिरफ्तार; 1.5 लाख कैश और जेवर लूटने का आरोप

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान राकेश खन्ना के रूप में हुई है। आरोप है कि उनकी भतीजी ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर घर में घुसकर लूटपाट की और उनकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने भतीजी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की है। उस समय राकेश खन्ना घर में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी स्थानीय बाजार गई हुई थीं। आरोप है कि तीन लोग घर के अंदर पहुंचे और चौथा व्यक्ति बाहर निगरानी कर रहा था।
घर पहुंची पत्नी तो फर्श पर मिले राकेश
पुलिस के मुताबिक, राकेश की पत्नी रात करीब 8:15 बजे घर लौटीं। उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था। जब वह अपने कमरे में पहुंचीं तो राकेश फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले।
परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ फोरेंसिक साइंस टीम और क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
CCTV से खुला हत्या का राज
पुलिस ने शुरुआत में आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने इलाके के पुराने CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या से पहले घर की रेकी की थी। पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त के CCTV फुटेज में भी आरोपियों की गतिविधियां सामने आईं। इससे पुलिस को शक हुआ कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में एक महिला भी शामिल थी। उसकी पहचान मृतक की भतीजी 23 वर्षीय सिमरन तनेजा के रूप में हुई।
भतीजी पर साजिश रचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, सिमरन तनेजा इस मामले की मुख्य साजिशकर्ता है। आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने चाचा के घर की रेकी की और फिर लूट व हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने सिमरन के अलावा 23 वर्षीय चिराग और 18 वर्षीय पारस को भी गिरफ्तार किया है। चिराग जिम ट्रेनर है, जबकि पारस 12वीं कक्षा का छात्र बताया गया है। एक अन्य आरोपी, जो जिम चलाता है, अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
घर से कैश और सोने के जेवर गायब
पुलिस के मुताबिक, परिवार ने घर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के आभूषण गायब होने की जानकारी दी है। हत्या और लूट को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। हत्या का मकसद, वारदात की पूरी योजना और घटना के दौरान आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।






I am really impressed with your writing skills and also with the layout on your blog.
Is this a paid theme or did you customize it yourself?
Anyway keep up the nice quality writing, it’s rare to see a great
blog like this one these days.