मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता प्रदूषण: हवा में ज़हर, लोगों की मुश्किलें बढ़ीं

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में हवा लगातार जहरीली होती जा रही है. सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी दिक्कतें अब लगभग हर दूसरे व्यक्ति की सामान्य शिकायत बन चुकी हैं. सोमवार की सुबह भी पूरे क्षेत्र में घना स्मॉग छाया रहा और प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में दर्ज किया गया. सुबह 6 बजे कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ऊपर पाया गया, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है. डॉक्टरों का कहना है कि बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें और शरीर को पर्याप्त रूप से हाइड्रेटेड रखें, ताकि प्रदूषण के रूप में शरीर में जा रहे हानिकारक तत्वों को बाहर निकाला जा सके.

बवाना में AQI 400 पार

राजधानी के कई क्षेत्रों में सोमवार सुबह हवा की गुणवत्ता बेहद चिंताजनक रही. बवाना में AQI 412 दर्ज किया गया, जो गंभीर स्तर को पार कर चुका है. इसके अलावा जहांगीर पुरी में 394, बुराड़ी क्रॉसिंग में 389, नेहरू नगर में 386, चांदनी चौक में 365, आनंद विहार में 379 और अशोक विहार में 373 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ. दिल्ली का सुबह का औसत AQI 346 पर रहा, जो गंभीर प्रदूषण का संकेत है. इस हालत को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह दी है, ताकि लोगों की एक्सपोज़र कम हो सके.

ग्रैप पर सीएक्यूएम उप-समिति की समीक्षा बैठक

रविवार को भी दिल्ली का दैनिक औसत AQI ‘बेहद खराब’ श्रेणी के करीब था, जिसके बाद ग्रैप (GRAP) को लेकर सीएक्यूएम की उप-समिति ने शाम 4 बजे एक आपात समीक्षा बैठक की. समिति ने दिल्ली-एनसीआर की मौजूदा वायु गुणवत्ता और IMD व IITM के ताज़ा मौसम पूर्वानुमानों का अध्ययन किया. बैठक में बताया गया कि रविवार सुबह 10 बजे दिल्ली का प्रति घंटा औसत AQI 391 था, जो शाम 4 बजे सुधरकर 370 तक पहुंच गया.

धीरे-धीरे सुधार, लेकिन स्थिति अभी भी नाज़ुक

समीक्षा में यह भी सामने आया कि रविवार शाम AQI में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा था. 4 बजे जहां AQI 370 तक पहुंचा, वहीं 5 बजे और घटकर 365 दर्ज हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिल्ली का औसत AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना रहेगा. उप-समिति ने फिलहाल GRAP के चरण-III को लागू न करने का निर्णय लिया है और NCR में पहले से लागू चरण-I और चरण-II के उपायों को ही जारी रखने की सलाह दी है. समिति ने कहा है कि वह हालात पर लगातार निगरानी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे के कदमों पर निर्णय लेगी.

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button