अक्टूबर की फिल्मों की भीड़ के बीच बदली ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट, जानें नई तारीख

आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘उड़ता तीर’ अपने ट्रेलर और प्रमोशन को लेकर चर्चा में है। फिल्म को लेकर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसी बीच मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला किया है। पहले ‘उड़ता तीर’ 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। अब यह फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।
मेकर्स ने अक्टूबर में रिलीज होने वाली दूसरी फिल्मों को देखते हुए यह फैसला लिया है। 2 अक्टूबर को अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ रिलीज हुई है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है। वहीं ‘प्रेम कीटाणु’ भी सिनेमाघरों में आ चुकी है।
इसके अलावा 16 अक्टूबर को यामी गौतम की ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार’ रिलीज होने वाली हैं। ऐसे में फिल्मों की भीड़ के बीच ‘उड़ता तीर’ को ज्यादा स्क्रीन दिलाने के लिए इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाई गई है।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘उड़ता तीर’ के ट्रेलर में एक पाकिस्तानी जासूस की कहानी दिखाई गई है, जो भारत आने के बाद अपनी याददाश्त खो देता है। वह भूल जाता है कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। इसके बाद वह खुद को भारत का नागरिक समझने लगता है और देश के लिए काम करने लगता है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ सारा अली खान, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव और राम कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। अब यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





