रश्मिका मंदाना की एक्शन-थ्रिलर ‘मैसा’ की रिलीज डेट का ऐलान, इस दिन दुनियाभर में देगी दस्तक

अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘मैसा’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में रश्मिका एक दमदार और इंटेंस किरदार में नजर आएंगी। इसे पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा।
27 नवंबर को रिलीज होगी ‘मैसा’
‘मैसा’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मेकर्स की ओर से अब तक फिल्म के कुछ लुक पोस्टर जारी किए जा चुके हैं, जिनमें रश्मिका का अलग और दमदार अंदाज देखने को मिला है। उनके लुक को दर्शकों की ओर से भी काफी पसंद किया गया है।
एक्शन करती नजर आएंगी रश्मिका
फिल्म में रश्मिका पहली बार जबर्दस्त एक्शन करती दिखाई देंगी। उनके किरदार को काफी मजबूत और चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो इसे बाकी फिल्मों से अलग बनाती है।
फिल्म की शूटिंग के दौरान रश्मिका चोटिल भी हो गई थीं। एक्शन और डांस सीक्वेंस की शूटिंग करते समय उनके कूल्हे में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। इसके बाद से वह घर पर आराम कर रही थीं।
View this post on Instagram
रश्मिका ने शेयर की फिल्म की झलक
रश्मिका ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म में अपने किरदार की एक झलक शेयर करते हुए रिलीज डेट की घोषणा की। उन्होंने पोस्ट के साथ ‘मैसा’ को गुस्सा, दर्द, हिम्मत, ताकत और तूफान से जोड़ते हुए एक खास कैप्शन भी लिखा।
जल्द काम पर लौटेंगी अभिनेत्री
‘मैसा’ का निर्देशन रविंद्र पुल्ले ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। कूल्हे की चोट और सर्जरी के बाद रश्मिका करीब एक महीने से घर पर आराम कर रही थीं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए जल्द काम पर लौटने का संकेत दिया है।





