MP के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए

मध्य प्रदेश के रतलाम में रविवार सुबह दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गई। आग ट्रेन के AC कोच में लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन जा रही थी। घटना सुबह करीब 5:15 बजे विक्रमगढ़ आलोट और लूनी रिछा स्टेशन के बीच हुई।
B-1 AC कोच में लगी आग
जानकारी के अनुसार आग राजधानी एक्सप्रेस के B-1 AC कोच में लगी, जिसमें करीब 68 यात्री सवार थे। आग लगते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और प्रभावित कोच को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने तुरंत ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई (OHE) भी बंद कर दी, ताकि स्थिति और न बिगड़े।<
Rajdhani Express में मध्य प्रदेश के Ratlam में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। ट्रेन Thiruvananthapuram से Delhi जा रही थी।#RajdhaniExpress #Ratlam #TrainFire #MadhyaPradesh #IndianRailways #BreakingNews #IndiaNews #Delhi #RailwayNews #HindiNews #TrendingNews #ViralVideo pic.twitter.com/cQ2BNShM7Q
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) May 17, 2026
धुएं से भर गया पूरा इलाका
घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें ट्रेन के कोच से काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। आग इतनी तेज थी कि पास के कुछ पेड़ों तक इसकी लपटें पहुंच गईं।
मौके पर रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत पहुंची और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया।
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरे कोचों में शिफ्ट किया गया।
रेलवे के मुताबिक ट्रेन कोटा स्टेशन तक पहुंचेगी, जहां एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा ताकि यात्रा सामान्य तरीके से जारी रह सके।
दिल्ली पहुंचने वाली थी ट्रेन
12431 राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम से रवाना हुई थी और रविवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली पहुंचने वाली थी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रेन करीब 2500 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी थी और दिल्ली से लगभग 650 किलोमीटर दूर थी।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
हाल ही में हैदराबाद में भी हुई थी ऐसी घटना
इससे एक दिन पहले हैदराबाद रेलवे स्टेशन पर जयपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन के खाली कोच में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। हालांकि उस समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया था।





