मनोरंजन

कांतारा विवाद में रणवीर सिंह पहुंचे कर्नाटक हाईकोर्ट, FIR रद्द करने की मांग

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने कर्नाटक हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग की है। यह एफआईआर फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 के ‘दैवा’ किरदार की नकल और उस पर की गई टिप्पणियों को लेकर दर्ज की गई थी।

यह मामला कर्नाटक हाईकोर्ट की जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की बेंच के सामने पेश हुआ। रणवीर सिंह की ओर से इस केस की तुरंत सुनवाई की मांग की गई, लेकिन कोर्ट ने इसे जल्द सुनवाई की सूची में डालने से इनकार कर दिया। अदालत ने साफ कहा कि मामले की सुनवाई तय प्रक्रिया के तहत ही होगी।

क्या है पूरा मामला

रणवीर सिंह के खिलाफ यह एफआईआर बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता बेंगलुरु के रहने वाले 46 वर्षीय वकील प्रशांत मेथल हैं।

रणवीर सिंह ने हाईकोर्ट में दायर अपनी याचिका में कहा कि उन्होंने जो कुछ भी किया, वह फिल्म और इसके निर्देशक-अभिनेता ऋषभ शेट्टी के प्रति सम्मान और प्रशंसा के भाव से किया था। उनका कहना है कि उनकी बातों को गलत तरीके से अपराध का रूप दे दिया गया है। अभिनेता के वकील ने कोर्ट को बताया कि इसी बयान को लेकर पुलिस पहले ही दो बार नोटिस भेज चुकी है, जिससे रणवीर पर बेवजह दबाव बन रहा है।

कोर्ट ने क्या कहा

रणवीर के वकीलों ने दलील दी कि इस मामले से अभिनेता की छवि को नुकसान हो रहा है और मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है, इसलिए केस की तुरंत सुनवाई जरूरी है। हालांकि कोर्ट ने सवाल उठाया कि क्या सिर्फ इसलिए किसी मामले को तुरंत सुना जाना चाहिए क्योंकि याचिकाकर्ता एक बड़ा फिल्म स्टार है। अदालत ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और इसी आधार पर सुनवाई तय समय पर ही होगी।

कहां से शुरू हुआ विवाद

यह पूरा विवाद इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 2025 के समापन समारोह से शुरू हुआ। गोवा में हुए इस कार्यक्रम के दौरान रणवीर सिंह ने मंच पर ‘कांतारा’ फिल्म के क्लाइमैक्स से जुड़ा एक ‘दैवा’ सीन दोहराया था और फिल्म की जमकर तारीफ की थी।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि रणवीर ने दैवा परंपरा की धार्मिक और सांस्कृतिक भावना को सही तरह से नहीं समझा। आलोचकों का कहना था कि दैवा कोई काल्पनिक पात्र नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए पूजनीय देवता हैं।

मामला तब और बढ़ गया जब एक और वीडियो सामने आया, जिसमें ऋषभ शेट्टी रणवीर को इस तरह की नकल से बचने की सलाह देते नजर आए। इसके बाद एफआईआर दर्ज कराई गई।

रणवीर सिंह ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने पर रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने लिखा कि वह देश की हर संस्कृति, परंपरा और आस्था का सम्मान करते हैं और अगर किसी को दुख पहुंचा है तो वह दिल से माफी चाहते हैं।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले पर सबकी नजर कर्नाटक हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी है। इसी बीच रणवीर सिंह अपनी आने वाली फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की रिलीज की तैयारी में भी जुटे हुए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button