रणदीप हुड्डा ने पीएम मोदी से की मुलाकात, ‘वेव्स’ ओटीटी और स्वास्थ्य अभियानों पर हुई चर्चा

लोकप्रिय अभिनेता रणदीप हुड्डा ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने सरकार के दूरदर्शी नए ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’ और पीएम की एंटी ओबेसिटी ड्राइव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस खास मौके पर रणदीप के साथ उनकी मां आशा हुड्डा और बहन डॉ. अंजलि हुड्डा भी मौजूद रहीं।
मुलाकात के बाद रणदीप हुड्डा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें साझा करते हुए इस अनुभव को “सम्मान और सौभाग्य की बात” बताया। उन्होंने लिखा, “देश के भविष्य को लेकर मोदी जी की दूरदृष्टि, जानकारी और विचार बेहद प्रेरणादायक हैं। उनका पीठ थपथपाना हमें अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करते रहने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।”
View this post on Instagram
रणदीप ने आगे बताया कि इस मुलाकात के दौरान उन्होंने ‘वेव्स’ जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर विस्तार से बातचीत की, जो वैश्विक मंच पर भारतीय आवाजों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के मोटापा विरोधी अभियान और समग्र स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों की भी सराहना की।
रणदीप ने इस मुलाकात को “गौरवपूर्ण पारिवारिक क्षण” बताया और कहा कि उनकी मां और बहन के साथ प्रधानमंत्री से मिलना एक यादगार अनुभव रहा।
फिल्मी मोर्चे पर बात करें तो रणदीप हुड्डा इन दिनों फिल्म ‘जाट’ में नजर आ रहे हैं। गोपीचंद मलिनेनी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 10 अप्रैल 2025 को रिलीज हुई है, जिसमें रणदीप ने राणातुंगा की भूमिका निभाई है। फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं, जबकि रेजिना कसांड्रा, विनीत कुमार सिंह, संयमी खेर, राम्या कृष्णन और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।





