₹1.63 अरब डॉलर में बिकी राजस्थान रॉयल्स, IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम राजस्थान रॉयल्स अब नए मालिक के पास जा रही है। अमेरिकी आधारित कारोबारी काल सोमानी के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम ने इस फ्रेंचाइजी को करीब 1.63 अरब डॉलर (लगभग ₹13,500 करोड़) में खरीद लिया है। इस डील के साथ राजस्थान रॉयल्स IPL की पहली टीम बन गई है जिसकी कीमत 1 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंची है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सौदे में सोमानी को अमेरिका के बिजनेसमैन रॉब वॉल्टन (वॉलमार्ट परिवार) और हैम्प फैमिली का समर्थन मिला है, जिनकी NFL टीम डेट्रॉइट लायंस में बड़ी हिस्सेदारी है।
इससे पहले IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स को संजीव गोयनका की RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटंस में टोरेंट ग्रुप ने 575 मिलियन डॉलर में 67% हिस्सेदारी ली थी।
राजस्थान रॉयल्स के मौजूदा मालिक पिछले करीब छह महीनों से टीम को पूरी तरह बेचने की कोशिश में थे। अब यह डील साइन हो चुकी है और IPL 2026 सीजन खत्म होने तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद टीम का पूरा नियंत्रण नए मालिकों के पास आ जाएगा।
काल सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स में छोटी हिस्सेदारी रखते थे। वे एजुकेशन टेक्नोलॉजी, डेटा प्राइवेसी, AI और स्पोर्ट्स टेक जैसे क्षेत्रों में काम कर चुके हैं। उन्होंने IntraEdge, Truyo और Academian जैसी कंपनियां भी बनाई हैं।
राजस्थान रॉयल्स पहले ब्रिटिश-इंडियन बिजनेसमैन मनोज बडाले की कंपनी Emerging Media Ventures के पास थी। 2008 में IPL की शुरुआत से पहले इस टीम को सिर्फ 67 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था, जो उस समय सबसे सस्ती फ्रेंचाइजी थी।




