केदारनाथ यात्रा पर बारिश का ब्रेक, चट्टानों की चपेट में आने से एक श्रद्धालु की मौत

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश और भूस्खलन के बीच केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। रविवार को चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के मुताबिक, हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे। इसकी चपेट में आने से उखीमठ निवासी 65 वर्षीय मदन मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बारिश के कारण मलबा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आ गया था, जिसके चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षा के मद्देनजर रोक दिया गया है।
केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रुकने की सलाह दी गई है। वहीं, मंदिर से वापस लौट रहे यात्रियों को जंगलचट्टी में रुकने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि रास्ता साफ होने और आधिकारिक अनुमति मिलने तक आगे न बढ़ें। अधिकारियों के मुताबिक, मौसम में सुधार और प्रभावित रास्तों को सुरक्षित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है।





