‘राहुल जी, 80 साल पुराना लोकतंत्र आपके बहकावे में नहीं आएगा’, अमित शाह का विपक्ष पर निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद की कार्यवाही नहीं चलने देते और जरूरी मुद्दों पर चर्चा करने से बचते हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने संसद में हंगामा करने, विरोध प्रदर्शन करने और सदन से वॉकआउट करने को अपनी राजनीतिक संस्कृति बना लिया है।
हरियाणा के करनाल में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि संसद लोकतंत्र में चर्चा और बहस का सबसे बड़ा मंच है। ऐसे में विपक्ष को अपनी बात सदन के अंदर रखनी चाहिए, लेकिन राहुल गांधी संसद में चर्चा करने के बजाय सड़कों पर प्रदर्शन करते हैं और लोगों को इकट्ठा कर अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं।
अमित शाह ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना। इसके बाद से कांग्रेस को राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी हार से ध्यान हटाने के लिए संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है।
शाह ने कहा कि बीजेपी विपक्ष के हर राजनीतिक हमले का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी, क्या आपको लगता है कि 80 साल पुराना लोकतंत्र आपके बहकावे में आ जाएगा? बीजेपी संसद, विधानसभा, गांव और खेतों तक हर जगह आपको जवाब देगी। अगर आप भीड़ इकट्ठा करेंगे, तो बीजेपी कार्यकर्ता भी वहां मौजूद रहेंगे और आपको जवाब देंगे।”
अमित शाह के इन बयानों पर राहुल गांधी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी थी खुली बहस की चुनौती
दरअसल, राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने विदेशी ताकतों के कथित प्रभाव, देश की आर्थिक व्यवस्था और अमेरिका के साथ हुए समझौते समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की थी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी बहस के लिए कोई भी जगह और मंच चुन सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि इस चर्चा में मीडिया और युवाओं को भी शामिल किया जाए। राहुल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत समेत किसी भी व्यक्ति को चर्चा का मॉडरेटर बना सकते हैं।
राहुल गांधी ने सवाल उठाया था कि अमेरिका के साथ समझौता किस तरह किया गया, इसे जल्दबाजी में अंतिम रूप क्यों दिया गया और क्या इस बारे में केंद्रीय कैबिनेट को जानकारी दी गई थी या नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द इस बहस में शामिल होने की
अपील भी की थी।