भारत

“भारत माता को बेच दिया”- अमेरिका ट्रेड डील पर राहुल का बड़ा आरोप

नई दिल्ली, 11 फरवरी 2026, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा. अपने भाषण में उन्होंने इस डील को पूरी तरह से एकतरफा बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें भारत के हितों को नजरअंदाज किया गया है.

अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर राहुल का हमला

राहुल गांधी ने कहा कि यह व्यापार समझौता बराबरी की शर्तों पर नहीं किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया, “सरकार को शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है. इस समझौते में देश के किसानों के हितों को कुचल दिया गया है, जैसा आज से पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया और आगे भी कोई नहीं करेगा.”

टैरिफ में भारी असमानता

कांग्रेस नेता ने बताया कि भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में शुल्क पहले तीन प्रतिशत के आसपास था, जो अब 18 प्रतिशत हो गया है – यानी छह गुना की बढ़ोतरी. वहीं दूसरी ओर, अमेरिकी उत्पादों पर भारत में शुल्क 16 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है.

उन्होंने कहा, “अमेरिका ने बांग्लादेशी कपड़ों पर टैरिफ जीरो कर दिया है. इस डील में आपने भारत को बेच दिया है, मां को बेच दिया गया, भारत माता को बेच दिया गया.”

भारत का डेटा है असली ताकत

राहुल गांधी ने अमेरिका-चीन प्रतिस्पर्धा के संदर्भ में कहा, “अगर अमेरिका महाशक्ति बने रहना चाहता है और डॉलर की रक्षा करना चाहता है तो अमेरिकियों के लिए भारत का डेटा बहुत महत्वपूर्ण है. कुछ लोग कहते हैं कि जनसंख्या त्रासदी है, लेकिन मैं कहता हूं कि यह ताकत है.”

विपक्ष ने बताया अपना विकल्प

राहुल गांधी ने दावा किया कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार होती तो वे अमेरिकी राष्ट्रपति से बराबरी पर बात करते. उन्होंने कहा, “हम कहते कि आप ऐसे बात नहीं कर सकते कि हम आपके नौकर हैं. हम अमेरिकी राष्ट्रपति से यह भी कहते कि हम अपने ईंधन की रक्षा करने जा रहे हैं. आप अपने किसानों की रक्षा करेंगे, तो हम भी अपने किसानों की रक्षा करेंगे.”

ऊर्जा सुरक्षा पर चिंता

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, “अब यह होगा कि अमेरिका तय करेगा कि हम तेल किससे खरीदेंगे और भारत के प्रधानमंत्री मोदी फैसला नहीं करेंगे. हमारे किसान तूफान का सामना कर रहे हैं. आपने हमारे किसानों को कुचले जाने का रास्ता खोला है.”

हमारी ताकत को समझना होगा

राहुल गांधी ने कहा कि बजट में यह माना गया है कि ऊर्जा और वित्त को दुनियाभर में हथियार बनाया जा रहा है, लेकिन इस बारे में बजट में किसी कदम का उल्लेख नहीं है.

उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हमें अपने लोगों, डेटा, खाद्य आपूर्ति और ऊर्जा तंत्र की सुरक्षा करनी होगी. हम एक खतरनाक दुनिया की तरफ बढ़ रहे हैं, हमें अपनी ताकत को समझना होगा. हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हमारे लोग हैं.”

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारत को पाकिस्तान के बराबर नहीं खड़ा किया जा सकता.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button