AI साइंस-टेक्नोलॉजीभारत

INS विक्रांत पर पहली बार उतरा राफेल मरीन, नौसेना ने शुरू किया ट्रायल

भारतीय नौसेना के स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रांत पर गुरुवार को पहली बार राफेल मरीन फाइटर जेट ने लैंडिंग की और फिर उड़ान भरी। अधिकारियों के मुताबिक, इन लड़ाकू विमानों को नौसेना में शामिल करने से पहले ट्रायल किए जा रहे हैं। इस परीक्षण को नौसेना में राफेल मरीन के इस्तेमाल की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इससे पहले फ्रांस के पायलट गोवा में समुद्र तट पर बने टेस्ट सेंटर में इस तरह के ट्रायल कर चुके हैं। ये परीक्षण पिछले साल हुए समझौते के तहत किए गए थे।

भारत ने अप्रैल 2025 में फ्रांस से नौसेना के लिए 26 राफेल मरीन फाइटर जेट खरीदने का समझौता किया था। करीब 63 हजार करोड़ रुपये के इस सौदे के तहत इन विमानों की डिलीवरी 2029 से शुरू होगी और 2031 तक पूरी होने की उम्मीद है। डसॉल्ट एविएशन इन विमानों का निर्माण कर रही है। नौसेना इन विमानों का इस्तेमाल अपने दोनों एयरक्राफ्ट कैरियर से करेगी।

फिलहाल INS विक्रांत पर रूस में बने मिग-29K लड़ाकू विमान तैनात हैं। ये विमान छोटे रनवे की तरह बने खास ढलान वाले हिस्से से उड़ान भरते हैं और लैंडिंग के दौरान अरेस्टर वायर की मदद से रुकते हैं। नौसेना की भाषा में इस तकनीक को STOBAR कहा जाता है।

2022 में नौसेना को मिला था INS विक्रांत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2022 में INS विक्रांत को भारतीय नौसेना में शामिल किया था। इसे बनाने में करीब 13 साल लगे और इस पर लगभग 20 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए।

करीब 45 हजार टन वजनी INS विक्रांत भारत का स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर है। इसमें 76 फीसदी से ज्यादा हिस्सा भारत में तैयार किया गया है। इसकी लंबाई 262 मीटर है और इसमें 15 डेक और 2,300 से ज्यादा कमरे हैं। यह एक बार में करीब 30 विमान ले जा सकता है और इस पर लगभग 1,600 लोगों का क्रू तैनात हो सकता है। यह 7,500 नॉटिकल मील तक की दूरी तय करने में सक्षम है।

INS विक्रांत भारतीय नौसेना का चौथा एयरक्राफ्ट कैरियर है। इससे पहले नौसेना ने ब्रिटेन में बने पहले INS विक्रांत और INS विराट का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा रूस में बना INS विक्रमादित्य भी 2013 से नौसेना की सेवा में है। मौजूदा INS विक्रांत का नाम भारत के पहले एयरक्राफ्ट कैरियर के नाम पर रखा गया है।

वायुसेना के पास पहले से हैं 36 राफेल विमान

भारतीय वायुसेना पहले से ही फ्रांस से खरीदे गए 36 राफेल लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर रही है। इन विमानों की खरीद पर करीब 59 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी वायुसेना के कुछ राफेल विमानों का इस्तेमाल किया गया था।

इसके अलावा वायुसेना फ्रांस से 114 और राफेल विमान खरीदने की योजना पर काम कर रही है। करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये के इस प्रस्तावित सौदे को मल्टी रोल फाइटर एयरक्राफ्ट (MRFA) प्रोजेक्ट कहा जाता है। इसे वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

इस योजना के तहत फ्रांस से 18 विमान सीधे तैयार हालत में मिलेंगे, जबकि बाकी विमानों का निर्माण भारत में किया जाएगा। डसॉल्ट एविएशन एक भारतीय साझेदार के साथ मिलकर इनका उत्पादन करेगी। योजना के मुताबिक, भारत में हर साल 12 राफेल विमान बनाए जा सकते हैं।

भारत और फ्रांस के बीच विमानों के निर्माण में स्थानीय तकनीक और हथियारों को शामिल करने को लेकर भी बातचीत हुई है। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने 3 अक्टूबर को कहा था कि वायुसेना नए राफेल विमानों, एलसीए एमके-1ए और अतिरिक्त सुखोई-30 एमकेआई विमानों के समय पर शामिल होने की उम्मीद कर रही है। इसका मकसद वायुसेना के लड़ाकू स्क्वाड्रन की संख्या को मौजूदा 30 से नीचे जाने से रोकना है, जबकि इसकी स्वीकृत संख्या 42.5 स्क्वाड्रन है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button