खेलभारत

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप: बंदरों को भगाने के अनोखे इंतजाम पर बोलीं पीवी सिंधु, ‘समाधान पर हंस सकते हैं लेकिन…’

नई दिल्ली में होने वाली BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप (BWF World Championships) से पहले आयोजकों ने स्टेडियम में बंदरों और पक्षियों से निपटने के लिए बेहद दिलचस्प और अनोखे तरीके अपनाए हैं। इस पर स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

नई दिल्ली में 17 अगस्त से शुरू होने वाली BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप (BWF World Championships) को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम परिसर में बंदरों, कबूतरों और अन्य जानवरों के खलल को रोकने के लिए आयोजकों ने कड़े और अनोखे इंतजाम किए हैं। इस पर देश की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

बंदरों को भगाने के लिए रखे गए खास लोग

इस साल की शुरुआत में इंडिया ओपन के दौरान बंदरों और कबूतरों के कारण खेल में बाधा आई थी। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार आयोजकों ने ऐसे तीन लोगों को काम पर रखा है जो बिल्कुल लंगूर की तरह आवाज निकाल सकते हैं ताकि बंदरों को डराकर भगाया जा सके।

लंगूरों की आवाज निकालने वाले एक व्यक्ति जफर ने बताया कि बंदर लंगूरों से बहुत डरते हैं क्योंकि वे उनसे आकार में काफी बड़े होते हैं। ऐसी आवाजें सुनकर बंदर आमतौर पर वहां से भाग जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक के अलावा गुरुग्राम में भी सफलतापूर्वक काम किया है।

पीवी सिंधु ने की प्रयासों की सराहना

स्टार शटलर पीवी सिंधु ने इस अनोखे समाधान पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “आप इस समाधान पर हंस सकते हैं, लेकिन आपको इस प्रयास की सराहना करनी होगी।”

उन्होंने आगे लिखा, “भारत दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है, इसके लिए पर्दे के पीछे कई लोग कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमारे समाधान भले ही पूरी तरह भारतीय हों, लेकिन हमारी गर्मजोशी, हमारी भावना और हमारी आतिथ्य सत्कार भी उतनी ही अनूठी है। बैडमिंटन जगत को दिल्ली में इस सबका अनुभव कराने का इंतजार नहीं कर सकती। जल्द मिलते हैं!”

इंदिरा गांधी स्टेडियम में किए गए बड़े बदलाव

भारतीय बैडमिंटन संघ (BAI) और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम को अपग्रेड किया है। यह टूर्नामेंट 17 साल बाद भारत में वापसी कर रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button