ताज़ा खबरेंभारत

16वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी ने वितरित किए 51,000 नियुक्ति पत्र

दिल्ली: दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली केंद्र सरकार में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “केंद्र सरकार में युवाओं को पक्की नौकरी देने का हमारा अभियान लगातार जारी है. हमारी पहचान भी है बिना पर्ची बिना खर्ची. आज 51000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं. ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक लाखों नौजवानों को भारत सरकार में पक्की नौकरी मिल चुकी है.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आप सभी के विभाग अलग-अलग है लेकिन ध्येय एक है और हमारा एक ही ध्येय है चाहे विभाग कोई भी हो, कार्य कोई भी हो, पद कोई भी हो लेकिन एक ही ध्येय है जो कि राष्ट्र सेवा है. सूत्र एक- नागरिक प्रथम. आपको देश के लोगों की सेवा करने का बहुत बड़ा मंच मिला है. आप सभी को बधाई देता हूं..”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज दुनिया मान रही है कि भारत के पास दो असीमित शक्तियां हैं- पहला-जनसांख्यिकी और दूसरी- लोकतंत्र है…युवाओं का यह सामर्थ्य हमारे भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी भी है और सबसे बड़ी गारंटी भी है. हमारी सरकार इसी पूंजी को समृद्धि का सूत्र बनाने में दिनरात जुटी है. आप सबको पता है कि 2 दिन पहले ही मैं 5 देशों की यात्रा से लौटा हूं. हर देश में भारत की युवाशक्ति की गूंज सुनाई दी. इस दौरान जितने भी समझौते हुए हैं, उनसे देश और विदेश, दोनों जगह भारत के नौजवानों को फायदा होना ही है.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत सरकार का जोर प्राइवेट सेक्टर में रोजगार के नए अवसरों के निर्माण पर भी है. हाल ही में सरकार ने एक नई स्कीम को मंज़ूरी दी है – रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना. इस योजना के तहत सरकार प्राइवेट सेक्टर में पहली बार रोजगार पाने वाले युवा को 15 हजार रुपए देगी, यानी पहली नौकरी की पहली सैलरी में सरकार अपना योगदान देगी. इसके लिए सरकार ने करीब 1 लाख करोड़ रुपए का बजट बनाया है, इस योजना से लगभग 3.5 करोड़ रोजगार के निर्माण में मदद मिलेगी. आज भारत की एक बहुत बड़ी ताकत हमारा मैन्युफेक्चरिंग सेक्टर है. मैन्युफेक्चरिंग में बहुत बड़ी संख्या में नई जॉब्स बन रही हैं. मैन्युफेक्चरिंग सेक्टर को गति देने के लिए इस वर्ष के बजट में मिशन मैन्युफेक्चरिंग की घोषणा की गई है. बीते सालों में हमने मेक इन इंडिया अभियान को मजबूती दी है.”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button