उत्तराखंड की रजत जयंती पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, 8260 करोड़ की योजनाओं की सौगात

उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को राजधानी देहरादून में भव्य रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से उत्तराखंड पहुंचे और राज्य की जनता को 8260 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी।
पीएम मोदी ने इस मौके पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया और अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में करते हुए कहा, “दीदी भुल्यों… दाणा सयाणों, आप सभी तैं म्यार नमस्कार।” उनके गढ़वाली संबोधन ने वहां मौजूद लोगों में जोश और उत्साह भर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर का यह दिन उत्तराखंड की लंबी तपस्या का परिणाम है। यह दिन हर उस व्यक्ति के लिए गर्व का क्षण है, जिसने राज्य आंदोलन में योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने जो सपना देखा था, वह अटल जी की सरकार में 25 साल पहले साकार हुआ था।”
#WATCH | देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में कहा, “9 नवंबर का ये दिन एक लंबी तपस्या का फल है; आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का दिन है। उत्तराखंड के लोगों का बरसों से जो सपना था, वो 25 साल पहले अटल जी की सरकार में पूरा हुआ… आज… pic.twitter.com/vPdDeZbtRD
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2025
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि आज उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यह देखकर हर आंदोलनकारी का हृदय गर्व से भर जाता है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य को नई ऊंचाई देने के लिए समर्पित है।” प्रधानमंत्री ने राज्य आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये योजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं। साथ ही उन्होंने 28,000 किसानों के खातों में फसल बीमा योजना के तहत 62 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का यह दशक “उत्कर्ष का कालखंड” है। उन्होंने बताया कि राज्य का बजट 25 साल पहले जहां 4000 करोड़ रुपये था, वहीं आज यह एक लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ गया है और सड़कों की लंबाई दोगुनी हो चुकी है। उन्होंने कहा, “पहले छह महीने में 4000 यात्री हवाई जहाज से आते थे, आज एक दिन में इतने से ज्यादा लोग आते हैं।”
#WATCH | देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “25 साल पहले उत्तराखंड का बजट सिर्फ़ 4,000 करोड़ रुपये था… आज ये बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा हो गया है। 25 साल में उत्तराखंड में बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ा है। 25 साल में उत्तराखंड में सड़कों की लंबाई दोगुनी हो गई… pic.twitter.com/FMmkGSnck9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2025
पीएम मोदी ने उत्तराखंड सरकार द्वारा शुरू की जा रही नई योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब सेब और कीवी के किसानों को डिजिटल अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और खेल से जुड़े ये प्रोजेक्ट राज्य के विकास की रफ्तार को और तेज करेंगे।” प्रधानमंत्री ने रजत जयंती पर लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का भी उल्लेख किया और लोगों से इसे देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि “इस प्रदर्शनी में उत्तराखंड की सफलता की पूरी गाथा दर्ज है।”
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी बार-बार गढ़वाली में संवाद करते रहे और कहा कि उत्तराखंड न केवल देवभूमि है बल्कि भारत के आध्यात्मिक जीवन की धड़कन भी है।





