PM मोदी का सऊदी अरब दौरा: जेद्दा में हुआ भव्य स्वागत, रणनीतिक साझेदारी में आएगा नया मोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 22 अप्रैल को सऊदी अरब के दो दिवसीय ऐतिहासिक दौरे पर जेद्दा पहुंचे। यह यात्रा क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर हो रही है। जेद्दा पहुंचते ही प्रधानमंत्री का राजकीय सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया गया। उनके विशेष विमान ‘एयर इंडिया वन’ के सऊदी एयरस्पेस में प्रवेश करते ही रॉयल सऊदी एयर फोर्स के F-15 फाइटर जेट्स ने उन्हें विशेष एस्कॉर्ट दिया — जो भारत-सऊदी संबंधों की गहराई का प्रतीक माना जा रहा है।
#WATCH | PM Narendra Modi lands in Jeddah for his two-day State visit to the Kingdom of Saudi Arabia. He was welcomed with a 21-gun salute.
PM Narendra Modi, along with Crown Prince & PM of Saudi Arabia, HRH Prince Mohammed bin Salman, will co-chair the 2nd Leaders’ Meeting of… pic.twitter.com/toRwuO57c8
— ANI (@ANI) April 22, 2025
जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेद्दा पहुंचे, एक भावुक कर देने वाला पल सामने आया जब एक सऊदी गायक ने उनका स्वागत भारतीय देशभक्ति गीत “ऐ वतन…” की मधुर प्रस्तुति के साथ किया।
#WATCH | The song ‘Ae Watan…’ resonates in Saudi Arabia as PM Modi reaches Jeddah pic.twitter.com/dr1DaZ8ex6
— ANI (@ANI) April 22, 2025
यह प्रधानमंत्री मोदी की तीसरी सऊदी यात्रा है, लेकिन पहली बार वह जेद्दा पहुंचे हैं — जो ऐतिहासिक रूप से भारत-सऊदी व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रधानमंत्री इस दौरान क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ भारत-सऊदी Strategic Partnership Council की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। यह परिषद 2019 में स्थापित की गई थी और इसका उद्देश्य द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, विज्ञान, तकनीक, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़ी कई अहम द्विपक्षीय समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, छह से अधिक समझौतों को अंतिम रूप दिया गया है, जबकि कई अन्य पर बातचीत अंतिम चरण में है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा हज से जुड़े मुद्दों के दृष्टिकोण से भी अहम मानी जा रही है। भारत के राजदूत सुहेल अजाज खान ने बताया कि प्रधानमंत्री की क्राउन प्रिंस से बैठक में हज कोटे, डिजिटल सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की जाएगी। भारत का हज कोटा 2014 में 1,36,020 था जो 2025 में बढ़कर 1,75,025 हो गया है, लेकिन निजी ऑपरेटरों के अनुबंधों में देरी के कारण इस वर्ष लगभग 42,000 भारतीय श्रद्धालु हज यात्रा नहीं कर सकेंगे।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी जेद्दा में भारतीय कामगारों के एक प्रमुख कारखाने का भी दौरा करेंगे, जो भारत-सऊदी संबंधों में मानव संसाधन साझेदारी का प्रतीक है। यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आगामी सऊदी यात्रा से ठीक पहले हो रहा है, जिससे इसकी रणनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।
भारत और सऊदी अरब के बीच हाल के वर्षों में ऊर्जा सुरक्षा, ग्रीन एनर्जी, समुद्री सहयोग, रक्षा, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी विकसित हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों को बहुपक्षीय मंचों पर और भी करीब लाएगा और पश्चिम एशिया में भारत की भूमिका को और सशक्त बनाएगा।
यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय रिश्तों का प्रतीक है, बल्कि वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में भी एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।





