पीएम मोदी का आदमपुर दौरा: पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश, सेना के जवानों से की मुलाकात

ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और वहां छिपे आतंकियों को करारा जवाब देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यह वही एयरबेस है, जिसे पाकिस्तान ने झूठा दावा करते हुए निशाना बनाने की बात कही थी। पीएम मोदी के दौरे ने न केवल पाकिस्तान के इस दावे की पोल खोली, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि भारत की सैन्य ताकत पूरी तरह मुस्तैद और सुरक्षित है।
एयरबेस पहुंचकर प्रधानमंत्री ने भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और मौजूदा हालात पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाया और ‘वंदे मातरम’ व ‘भारत माता की जय’ जैसे देशभक्ति के नारों से वहां मौजूद सभी का जोश दोगुना कर दिया। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में पीएम मोदी भारतीय लड़ाकू विमान मिग-29 के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में उनके पीछे एक बड़ा पोस्टर नजर आ रहा है, जिस पर लिखा है – “क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?”

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान ने आदमपुर और सिरसा जैसे भारतीय एयरबेस को निशाना बनाने का दावा किया था। हालांकि, 11 मई को विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबूतों के साथ बताया था कि एयरबेस पूरी तरह सामान्य हैं। अब पीएम मोदी के आदमपुर दौरे ने इस झूठे प्रचार की हवा निकाल दी है और पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि भारत की सैन्य क्षमताओं पर कोई असर नहीं पड़ा।
आदमपुर एयरबेस भारत के मिग-29 लड़ाकू विमानों का बेस है और यह पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित है। यहां से भारत जरूरत पड़ने पर तेज और प्रभावी कार्रवाई कर सकता है। पीएम मोदी के साथ इस दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह भी मौजूद थे।
अपने दौरे की तस्वीरें पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है, जो हमारे देश के लिए वे सब कुछ करते हैं।”
Sharing some more glimpses from my visit to AFS Adampur. pic.twitter.com/G9NmoAZvTR
— Narendra Modi (@narendramodi) May 13, 2025
पीएम मोदी के इस दौरे ने न केवल भारतीय सैनिकों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि पाकिस्तान की झूठी कहानियों की भी सच्चाई दुनिया के सामने रख दी है।





