भारत

असम को पीएम मोदी की 12 हज़ार करोड़ की सौगात, विकास की नई उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरांग और गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) में 7,230 करोड़ रुपये की पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने असम बायोएथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन और पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद थे।


दरांग में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार असम में विकास और विरासत दोनों को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि असम में अब तक 20 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं और जल आपूर्ति व स्वास्थ्य सेवाओं पर तेजी से काम हो रहा है। चाय बागानों के श्रमिकों को विशेष मदद दी जा रही है, जिन्हें पहले के समय में उपेक्षित छोड़ दिया गया था।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा तुष्टीकरण नहीं बल्कि सभी वर्गों के संतुष्टिकरण पर जोर देती है। उन्होंने बताया कि असम सरकार नई शिक्षा नीति लागू कर रही है और मां कामाख्या कॉरिडोर बनाकर पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम की सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठ है। कांग्रेस ने इस समस्या को बढ़ावा दिया, जबकि उनकी सरकार स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घुसपैठियों को हटाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आदिवासी परिवारों को भूमि के पट्टे दिए जा रहे हैं और अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बांस से एथेनॉल बनाने की शुरुआत असम के लिए एक बड़ा कदम है। इससे किसानों को लाभ होगा और सरकार बांस की खेती को बढ़ावा देगी। उन्होंने बताया कि भारत तेजी से ग्रीन एनर्जी की ओर बढ़ रहा है और अब सेमीकंडक्टर निर्माण का बड़ा केंद्र असम बनेगा। असम में 27 हजार करोड़ रुपये की लागत से सेमीकंडक्टर परियोजना पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जरूरी हैं। अब भारत को इन जरूरतों के लिए विदेशों पर निर्भर नहीं रहना होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम को 12 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी गई है। ये परियोजनाएं न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे पूर्वोत्तर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भारत विकसित हो रहा है, वैसे-वैसे ऊर्जा और ईंधन की मांग भी बढ़ रही है। आत्मनिर्भर भारत मिशन के तहत अब भारत अपनी जरूरतों को खुद पूरा करेगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button