भारत

“मन की बात” में पीएम मोदी के बड़े संदेश – त्योहारों की शुभकामनाएं, जल संरक्षण और टेक्सटाइल वेस्ट पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 120वें एपिसोड में देशवासियों को चैत्र नवरात्र, गुड़ी पड़वा, भारतीय नववर्ष और आने वाले ईद के त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता में एकता का भाव इन त्योहारों के माध्यम से झलकता है।

पीएम मोदी ने गर्मियों की छुट्टियों के दौरान बच्चों को अपनी स्किल्स निखारने और कुछ नया सीखने की सलाह दी। उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि बच्चों के पास इस समय को रचनात्मक कार्यों में लगाने का अवसर होता है। इसी के तहत, उन्होंने MY BHARAT का समर वेकेशन कलैंडर लॉन्च किया, जिसमें स्टडी टूल्स, वाइब्रेंट विलेज अभियान, और संविधान जागरूकता से जुड़ी गतिविधियाँ शामिल हैं।

गर्मियों की दस्तक के साथ ही पानी बचाने पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बारिश की बूंदों को संरक्षित कर जल संकट से निपटा जा सकता है। उन्होंने बताया कि पिछले 7-8 वर्षों में 11 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी का संरक्षण किया गया है। कर्नाटक के गडग जिले में गाँव के लोगों द्वारा पुनर्जीवित की गई झीलों को जल संरक्षण का बेहतरीन उदाहरण बताया। साथ ही, उन्होंने लोगों से गर्मी में पक्षियों के लिए भी पानी रखने की अपील की।

पीएम मोदी ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 का जिक्र करते हुए कहा कि इस साल पहले से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने, जिनमें से 12 रिकॉर्ड महिला खिलाड़ियों के नाम रहे। उन्होंने दिव्यांग एथलीट्स को उनकी सफलता के लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने टेक्सटाइल वेस्ट को दुनिया के लिए एक नई चुनौती करार दिया और बताया कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा टेक्सटाइल वेस्ट उत्पादक है। रिसर्च के मुताबिक, केवल 1% टेक्सटाइल वेस्ट ही रीसायकल होता है। लेकिन इस समस्या से निपटने के लिए हरियाणा के पानीपत में स्टार्टअप्स नए समाधान तलाश रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र एक वैश्विक पुनर्चक्रण केंद्र के रूप में उभर रहा है।

पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जागरूकता बढ़ाने की अपील की और इसे स्वस्थ जीवनशैली के लिए अनिवार्य बताया। इसके अलावा, उन्होंने महुआ के फूलों से बने बिस्किट और अन्य उत्पादों का जिक्र किया, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button