पीएम मोदी का आत्मनिर्भर भारत विजन: युग्म सम्मेलन में नई पहलें और साझेदारियां घोषित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में ‘युग्म’ सम्मेलन का उद्घाटन किया। नवाचार तंत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह सम्मेलन पहला महत्वपूर्ण नीतिगत आयोजन है, जिसमें सरकार, शिक्षा जगत, उद्योग और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के प्रमुख दिग्गज शामिल हुए।
वाधवानी फाउंडेशन और सरकारी प्रतिष्ठानों के संयुक्त निवेश से संचालित इस पहल में करीब 1,400 करोड़ रुपये की लागत से सहयोगी परियोजनाएं शुरू की गई हैं। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री मोदी की आत्मनिर्भर और नवप्रवर्तन आधारित भारत की दृष्टि को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सम्मेलन में कई प्रमुख नवाचार परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इनमें आईआईटी कानपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंट सिस्टम के लिए सुपरहब तथा आईआईटी बॉम्बे में जैव विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्रों के लिए सुपरहब की स्थापना शामिल है। इसके अलावा, अनुसंधान व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए वाधवानी इनोवेशन नेटवर्क (WIN) केंद्र और अनुसंधान को गति देने के लिए राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (NRF) के साथ साझेदारी की जाएगी।
सम्मेलन के दौरान उच्चस्तरीय गोलमेज बैठकें, पैनल चर्चाएं और शोध उपयोग को लेकर संवाद सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। ‘डीप टेक स्टार्टअप शोकेस’ में देशभर से अग्रणी नवाचारों का प्रदर्शन भी हो रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के लिए विशेष संपर्क सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।





