PM मोदी से मिले स्विस राष्ट्रपति गॉय परमेलिन, भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को और मजबूत करने पर जोर

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गॉय परमेलिन ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस दौरान भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार, निवेश, विज्ञान, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
भारत दौरे पर आए राष्ट्रपति परमेलिन का यह तीन दिवसीय राजकीय दौरा है। उनकी यात्रा को दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति भवन में हुआ औपचारिक स्वागत
भारत पहुंचने के बाद गॉय परमेलिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया।
स्वागत समारोह के बाद परमेलिन ने कहा कि भारत यात्रा दोनों देशों के संबंधों के महत्व को रेखांकित करने का एक अच्छा अवसर है। उन्होंने भारत और स्विट्जरलैंड के रिश्तों को साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विश्वास और आपसी सम्मान पर आधारित बताया।
परमेलिन ने कहा कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे व्यापक संबंधों को आगे बढ़ाने और नए क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
राजकीय कार्यक्रमों की शुरुआत से पहले स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। वह अपनी पत्नी कैरोलिन परमेलिन के साथ राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात की। जयशंकर ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के बीच साझेदारी को और गहरा करने की व्यापक संभावनाएं हैं।
व्यापार और निवेश पर रहेगा खास जोर
परमेलिन की भारत यात्रा के दौरान व्यापार और निवेश प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं। दोनों देश आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ विज्ञान, तकनीकी विकास, नवाचार और कुशल कामगारों की आवाजाही जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण पहलू भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौता यानी TEPA भी है।
भारत और EFTA के बीच यह समझौता 10 मार्च 2024 को हुआ था और 1 अक्टूबर 2025 से लागू हुआ। EFTA में स्विट्जरलैंड के अलावा आइसलैंड, लिकटेंस्टीन और नॉर्वे शामिल हैं।
TEPA की पहली वर्षगांठ पर होगा खास कार्यक्रम
गॉय परमेलिन 7 अक्टूबर को होने वाले दूसरे India-EFTA Prosperity Summit में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम TEPA के लागू होने की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया जा रहा है।
परमेलिन ने कहा कि यह समय दोनों देशों की अब तक की प्रगति को देखने के साथ-साथ भविष्य के लिए साझा दिशा तय करने का भी है।
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, स्विट्जरलैंड EFTA के चारों देशों में भारत का प्रमुख व्यापार और निवेश साझेदार है। ऐसे में राष्ट्रपति परमेलिन की यात्रा को दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस साल दूसरी बार भारत आए हैं परमेलिन
गॉय परमेलिन इस साल दूसरी बार भारत आए हैं। इससे पहले उन्होंने फरवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित AI Impact Summit में हिस्सा लिया था। हालांकि, यह उनकी भारत की पहली राजकीय यात्रा है।
तीन दिवसीय दौरे के दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन भी करेंगी।
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच पिछले कुछ वर्षों में उच्चस्तरीय संपर्क लगातार जारी रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2016 और 2018 में स्विट्जरलैंड की यात्रा कर चुके हैं, जबकि भारत के राष्ट्रपति की आखिरी राजकीय स्विट्जरलैंड यात्रा 2019 में हुई थी।
दोनों देशों के बीच मौजूदा बातचीत से व्यापार और निवेश के साथ विज्ञान, तकनीक और अन्य नए क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में नई संभावनाएं बनने की उम्मीद है।