पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में नामीबिया पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार, 9 जुलाई को नामीबिया पहुंचे. यह प्रधानमंत्री मोदी की नामीबिया की पहली यात्रा है, और भारत से किसी प्रधानमंत्री की तीसरी नामीबिया यात्रा है. यहां पीएम मोदी का पारंपरिक डांस के साथ भव्य स्वागत हुआ. प्रधानमंत्री भी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने खुद नामीबियाई पारंपरिक ढोलक भी बजाया.
विदेश मंत्रालय ने मोदी की घाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की पांच देशों की यात्रा से पहले एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया था कि मोदी राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा के निमंत्रण पर नामीबिया की यात्रा कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. प्रधानमंत्री नामीबिया के संस्थापक जनक एवं प्रथम राष्ट्रपति दिवंगत डॉ. सैम नुजोमा को भी श्रद्धांजलि देंगे.
पीएम मोदी ब्राजील की अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा के समापन के बाद नामीबिया पहुंचे हैं. ब्राजील में उन्होंने रियो डी जनेरियो में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया और ब्रासीलिया में राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर पीएम मोदी ब्राजील की राजकीय यात्रा पर थे.





