PM Modi-Pezeshkian Meeting: भारत-ईरान ट्रेड डील पर बोले मार्को रुबियो, ‘नहीं लगता कोई समझौता हो रहा है’

PM Modi-Pezeshkian Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-ईरान संबंधों, व्यापार और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई। इस मुलाकात को लेकर अमेरिका की भी नजर बनी हुई है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से जब पीएम मोदी और पेजेशकियन की मुलाकात के बारे में पूछा गया तो उन्होंने भारत और ईरान के बीच किसी व्यापार समझौते की संभावना से अनभिज्ञता जताई। रुबियो ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि दोनों देशों के बीच फिलहाल कोई ट्रेड डील हो रही है।
भारत-ईरान ट्रेड डील पर क्या बोले रुबियो
रुबियो ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि दुनिया के अलग-अलग देश अपनी स्वतंत्र विदेश नीति बनाते हैं और कई देश ईरान की सरकार के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि अमेरिका की चिंता इस बात को लेकर है कि कोई भी देश ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में मदद न करे। रुबियो ने चेतावनी दी कि अगर कोई देश ऐसे रास्ते बनाने में मदद करता है, जिससे ईरान को राजस्व हासिल हो और वह उसका इस्तेमाल आतंकवाद या परमाणु हथियार कार्यक्रम के लिए कर सके, तो अमेरिका उस देश पर भी प्रतिबंध लगा सकता है।
मोदी और पेजेशकियन के बीच क्या हुई बात
पीएम मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत ईरान के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ाने और उसमें विविधता लाने की बात कही।
दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति और क्षेत्र में स्थायी शांति के प्रयासों पर भी चर्चा की। भारत ने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति को जरूरी बताया।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बैठक में द्विपक्षीय संबंधों और पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम की समीक्षा की गई।
समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षा पर भी चर्चा
मुलाकात के दौरान पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और आम नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा। भारत ने समुद्री मार्गों से आवाजाही और व्यापार की स्वतंत्रता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।
भारत और ईरान के बीच क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर भी बातचीत हुई। दोनों देश BRICS और SCO जैसे बहुपक्षीय मंचों पर भी साथ काम करते हैं।
पेजेशकियन को भारत आने का न्योता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन को भारत आने का निमंत्रण भी दिया है। पेजेशकियन सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आ सकते हैं।
इस बैठक के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारी भी मौजूद रहे।
भारत और ईरान के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। ऐसे में दोनों देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति को लेकर हुई चर्चा को अहम माना जा रहा है।





