बांग्लादेश चुनाव में BNP की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई

बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी BNP की शानदार जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी प्रमुख तारिक रहमान को बधाई दी है. पीएम मोदी ने एक्स पर अपने संदेश में कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता द्वारा तारिक रहमान के नेतृत्व में जताए गए अटूट विश्वास को दर्शाती है.
I convey my warm congratulations to Mr. Tarique Rahman on leading BNP to a decisive victory in the Parliamentary elections in Bangladesh.
This victory shows the trust of the people of Bangladesh in your leadership.
India will continue to stand in support of a democratic,…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2026
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में BNP की निर्णायक जीत पर मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं. यह जीत बांग्लादेश की जनता के आपके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है. भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा. मैं आपके साथ मिलकर हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं.’
बांग्लादेश में बीते गुरुवार यानी 12 फरवरी को हुए ऐतिहासिक आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है. स्वर्गीय प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP को बड़ी सफलता मिली है. रिपोर्ट्स के अनुसार BNP और उसके सहयोगियों को 300 सदस्यीय संसद में 200 से अधिक सीटें मिलने का अनुमान है. जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को लगभग 70 सीटें मिल सकती हैं. यह चुनाव 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के कारण शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद देश का पहला बड़ा लोकतांत्रिक परीक्षण था.
चुनाव से ठीक पहले लगभग 17 साल के निर्वासन के बाद स्वदेश लौटे तारिक रहमान अब प्रधानमंत्री बनने की ओर अग्रसर हैं. यह राजनीतिक बदलाव भारत-बांग्लादेश संबंधों को गहराई से प्रभावित कर सकता है. शेख हसीना सरकार के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी बेहद मजबूत थी. सीमा सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग, व्यापार और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग काफ़ी बढ़ा था. लेकिन BNP की जीत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में व्यापक परिवर्तन की संभावना है.





