पीएम मोदी ने रमजान की शुरुआत पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

भारत में इस्लामिक कैलेंडर के पवित्र महीने रमजान की शुरुआत रविवार से हो गई, और आज पूरे देश में मुसलमानों ने पहला रोजा रखा। शनिवार शाम को रमजान का चांद नजर आने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रमजान की शुरुआत पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। यह हमारे समाज में शांति और सद्भाव लाए। यह महीना चिंतन, कृतज्ञता और भक्ति का प्रतीक है, साथ ही हमें करुणा, दया और सेवा के मूल्यों की याद दिलाता है। रमजान मुबारक!”
As the blessed month of Ramzan begins, may it bring peace and harmony in our society. This sacred month epitomises reflection, gratitude and devotion, also reminding us of the values of compassion, kindness and service.
Ramzan Mubarak!
— Narendra Modi (@narendramodi) March 2, 2025
पीएम मोदी ने शुक्रवार को जहान-ए-खुसरो के 25वें संस्करण में भी हिस्सा लिया और रमजान की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने भारत की सूफी परंपरा की सराहना करते हुए इसे समावेशिता और सद्भाव का प्रतीक बताया।
रमजान इस्लाम धर्म में सबसे पवित्र महीना माना जाता है। इस दौरान मुसलमान सूर्योदय से सूर्यास्त तक उपवास (रोजा) रखते हैं और रात में विशेष इबादत (प्रार्थना) करते हैं।इस्लामी कैलेंडर के अनुसार, हर नया महीना चांद देखने के बाद शुरू होता है और यह 29 या 30 दिनों तक चलता है। रमजान के समाप्त होने के बाद ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया जाता है, जो मुसलमानों के लिए सबसे खास अवसरों में से एक होता है।
देशभर में रमजान को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, और मस्जिदों में इबादत के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।





