भारत

“छात्रों के भविष्य से खिलवाड़” — Rahul Gandhi ने उठाए CBSE कॉन्ट्रैक्ट पर सवाल

राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए CBSE कक्षा 12वीं के रिजल्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणामों में “बड़े स्तर पर छेड़छाड़” हुई है, जिससे लाखों छात्र और उनके परिवार परेशान हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि देशभर के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर चुप हैं। राहुल गांधी ने इसे एक “सुनियोजित साजिश” बताया।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि CBSE का कॉन्ट्रैक्ट जिस कंपनी COEMPT को दिया गया, वह पहले 2019 में तेलंगाना में Globarena नाम से विवादों में रह चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी का नाम बदल गया, लेकिन काम करने का तरीका वही रहा। राहुल गांधी ने कई सवाल भी उठाए। उन्होंने पूछा कि COEMPT को CBSE का कॉन्ट्रैक्ट किसके निर्देश पर दिया गया, नियमों में क्या बदलाव किए गए और कंपनी के पुराने विवादों के बावजूद उसका बैकग्राउंड चेक क्यों नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने कंपनी और केंद्र सरकार के बीच संबंधों की जांच की मांग की।

उन्होंने मामले की स्वतंत्र जांच और SIT गठित करने की मांग करते हुए कहा कि असली दोषियों को सामने लाना जरूरी है। छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मेहनत और भविष्य कोई नहीं छीन सकता और इस मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

क्या है पूरा CBSE विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब कई छात्रों ने री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ियों और गलतियों की शिकायत की। कुछ छात्रों का आरोप है कि CBSE द्वारा अपलोड की गई उत्तर पुस्तिकाएं उनकी लिखावट से मेल नहीं खा रही हैं।

मामला तब सामने आया जब छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने फिजिक्स में उम्मीद से कम अंक आने पर अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी मांगी। 23 मई को दस्तावेज मिलने के बाद उन्होंने दावा किया कि उनके रोल नंबर से जुड़ी फिजिक्स की कॉपी उनकी नहीं है।

वेदांत ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग उत्तर पुस्तिकाओं की तस्वीरें साझा कर लिखावट में अंतर दिखाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरे साल मेहनत की, लेकिन अब उन्हें भरोसा नहीं कि उनकी असली कॉपी जांची भी गई या नहीं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद वेदांत को ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा। कुछ लोगों ने उन्हें “एंटी-नेशनल” और “पाकिस्तानी” तक कहा। राहुल गांधी ने छात्र के समर्थन में बयान देते हुए आरोप लगाया कि न्याय मांगने पर BJP IT सेल ने 17 वर्षीय छात्र को निशाना बनाया।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button