उत्तर भारत में भीषण सर्दी और घने कोहरे से बेहाल लोग, नए साल में मिलेगी राहत

नई दिल्ली: उत्तर भारत में भीषण सर्दी कहर बरपा रही है. पहाड़ी इलाकों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी सर्दी के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है और पारा लगातार गिर रहा है. भीषण सर्दी के साथ ही घने कोहरे ने लोगों की परेशानी में और इजाफा कर दिया है.
दिल्ली सहित कई राज्यों में घना कोहरा
दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में आज भी घना कोहरा छाया हुआ है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अब कई राज्यों के लोगों को कोहरे से नए साल में ही छुटकारा मिलेगा. विभाग के अनुमान के अनुसार उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर-पूर्व के राज्यों में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा देखने को मिलेगा. साथ ही कई जगहों पर शीतलहर की स्थिति भी देखने को मिल सकती है.
शीत लहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में भीषण सर्दी की चेतावनी जारी की है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में आज और ओडिशा में कल शीत लहर की स्थिति देखने को मिल सकती है.
पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, आज से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और कल से आसपास के मैदानी इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकता है. इसके कारण आज से 2 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है.
आज पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर एक जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बारिश हो सकती है.
दिल्ली में यातायात प्रभावित
दिल्ली में आज भी कई इलाकों में घना कोहरा छाया है. इसका सड़क यातायात पर काफी असर पड़ा है. दिल्ली में वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं. घने कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है. कई ट्रेनें कोहरे के कारण अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और कई विमानों की उड़ानों में भी देरी हुई है.
कोहरे का पूर्वानुमान
हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब में 31 दिसंबर; पूर्वी उत्तर प्रदेश में 01 जनवरी तक और ओडिशा में 31 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक रात और सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.





