भारत

दिल्ली के 9 स्कूलों में बम धमकी से हड़कंप, पुलिस और बम स्क्वॉड तैनात

दिल्ली के कई नामी स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच कम से कम 9 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमकी भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।

धमकी मिलने वाले स्कूलों में दिल्ली कैंट का लोरेटो कॉन्वेंट, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, कैम्ब्रिज स्कूल के श्रीनिवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी कैंपस, सादिक नगर का द इंडियन स्कूल, रोहिणी का सीएम श्री स्कूल, आईएनए का डीटीईए स्कूल, रोहिणी का बाल भारती स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर का मानव स्थली स्कूल शामिल हैं।

जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों से छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के मुताबिक स्कूल परिसरों की गहन तलाशी जारी है।

इंडिया टुडे के हाथ लगी धमकी भरी ई-मेल में लिखा था, “दिल्ली खालिस्तान बनेगा। अफजल गुरु की याद में 1:11 बजे धमाका होगा।”
ई-मेल के आखिर में खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ बताने वाले शख्स ने संसद पर भी हमले की धमकी दी है। मेल में लिखा गया है कि 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद में धमाका होगा।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए हर स्तर पर जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश के बड़े शहरों में स्कूलों और सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे न सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बढ़ा है, बल्कि अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में भी डर का माहौल बना हुआ है।

इससे पहले 29 जनवरी को भी दिल्ली के पांच स्कूलों को बम की धमकी मिली थी, जो जांच के बाद फर्जी निकली। 28 जनवरी को द्वारका कोर्ट परिसर को भी ऐसी ही धमकी दी गई थी, जिसे बाद में अफवाह बताया गया।

दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन धमकियों के पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने साफ कहा है कि झूठी धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button